Operation Sindoor : सांचौर शहर देशभक्ति की भावना से ओतप्रोत नजर आया जब ऑपरेशन सिंदूर की गौरवशाली सफलता एवं भारतीय सैनिकों के सम्मान में एक विशाल तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया।
यात्रा का उद्देश्य भारत माता के वीर सपूतों को नमन करना और राष्ट्रभक्ति की अलख जगाना रहा। इस अवसर पर जालौर लोकसभा क्षेत्र के सांसद लुंबाराम चौधरी, पूर्व सांसद देवजी एम. पटेल, भाजपा जिला अध्यक्ष जसराज राजपुरोहित, पूर्व भाजपा जिला अध्यक्ष श्रवण सिंह राव सहित कई गणमान्य नागरिक एवं शहरवासी बड़ी संख्या में शामिल हुए।

तिरंगा यात्रा की शुरुआत सांचौर के राव बल्लूजी सर्किल से हुई, जो नगर के प्रमुख मार्गों से होती हुई विवेकानंद सर्किल तक पहुंची। पूरे मार्ग में देशभक्ति के गीत, जयकारे और नारों से माहौल गुंजायमान रहा। नागरिकों ने हाथों में तिरंगे लेकर “भारत माता की जय”, “वंदे मातरम्” और “जय हिंद” जैसे नारों से समूचे नगर को देशभक्ति के रंग में रंग दिया।

सांसद लुंबाराम चौधरी ने कहा, “ऑपरेशन सिंदूर भारतीय सेना की अद्वितीय वीरता का परिचायक है। हमें गर्व है कि हमारे जवानों ने फिर एक बार भारत की रक्षा के लिए अदम्य साहस दिखाया। पूर्व सांसद देवजी एम पटेल ने तिरंगे को राष्ट्र की आत्मा बताते हुए युवाओं से आग्रह किया कि वे देश सेवा में अग्रसर रहें और वीर जवानों से प्रेरणा लें।

भाजपा जिला अध्यक्ष जसराज राजपुरोहित और पूर्व जिलाध्यक्ष श्रवण सिंह राव ने संयुक्त रूप से कहा कि सांचौर के लोग हर बार राष्ट्रभक्ति के आयोजनों में आगे रहे हैं और आज की यात्रा ने फिर साबित कर दिया कि यह भूमि शौर्य और समर्पण से ओतप्रोत है।
