सांचौर में फिल्मी स्टाइल अपहरण कांड : हनीट्रैप के बाद 20 लाख की फिरौती मांगने वाले गिरोह का पर्दाफाश, 65 हजार हड़पे-पुलिस की सूझबूझ से युवक सकुशल मुक्त, आरोपियों की गैंग गिरफ्तार।
सांचौर.सांचौर थाना क्षेत्र में एक युवक के साथ फिल्मी स्टाइल में अपहरण और फिरौती का सनसनीखेज मामला सामने आया है। एक महिला द्वारा हनीट्रैप में फंसाने के बाद युवक को उसके साथियों ने अगवा कर लिया और ₹20 लाख की फिरौती मांगी। अपहरणकर्ताओं ने युवक से पहले ही ₹65 हजार ऑनलाइन ठग लिए थे। परिजनों को फोन पर हत्या की धमकी देकर दहशत फैलाई गई। आखिरकार पुलिस की सतर्कता और समझदारी से युवक को सही-सलामत छुड़ा लिया गया और गिरोह को धर दबोचा गया।

पैदल यात्रा में हुई पहचान, फिर शुरू हुआ हनीट्रैप-23 वर्षीय पीड़ित युवक 13 अगस्त को अपने परिवारजनों व रिश्तेदारों के साथ रामदेवरा पैदल यात्रा पर गया था। यात्रा के दौरान बायतु के पास उसकी पहचान महिला जातरु से हुई। महिला ने यात्रा पूरी होने के बाद पीड़ित युवक को फोन कर मीठी मीठी बातें करनी शुरू की और उसे अपने जाल में फंसा लिया।

मनमोहन हॉस्पिटल से उठाया, कार से जंगल ले गए-23 अगस्त को महिला अपने पति और तीन अन्य साथियों के साथ स्विफ्ट कार में सांचौर आई। महिला ने पीड़ित युवक को फोन कर मनमोहन हॉस्पिटल बुलाया और वहां से उसे कार में बैठाकर जबरन उठा लिया। युवक की मोटरसाइकिल भी कब्जे में ले ली। गिरोह पीड़ित को कारोला स्थित होटल और फिर डूंगरवा की सरहद तक ले गया, जहां उसे पीटकर 20 लाख की फिरौती मांगी गई।

मोबाइल से ठगे 65 हजार, परिवार से मांगे 20 लाख-अपहरण कर्ताओं ने पीड़ित के मोबाइल से ही 65 हजार रुपये ऑनलाइन वसूल लिए। इसके बाद उसके पिता और परिजनों को फोन कर 20 लाख की मांग की और धमकाया कि रकम नहीं देने पर हत्या कर शव जंगल में फेंक देंगे।

पुलिस ने बिछाया जाल, डमी बैग से पकड़ा आरोपी-डरे-सहमे परिजन सीधे सांचौर थाने पहुंचे और पूरी बात बताई। पुलिस ने रणनीति बनाते हुए आरोपियों से 4 लाख में सौदा तय कराया। पैसे लेने के लिए भेजे गए आरोपी को कौशल होटल पर नकली बैग के साथ रंगे हाथों पकड़ लिया गया। उसकी निशानदेही पर बाकी आरोपी भी गिरफ्तार कर लिए गए और पीड़ित युवक को सकुशल छुड़ा लिया गया।

आरोपियों पर गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज : सांचौर थानाधिकारी देवेंद्रसिंह निषु ने बताया कि प्रार्थी की रिपोर्ट पर धारा 140(2), 115(2), 308(5), 61(2) बीएनएम 2023 में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने गिरोह को पकड़कर आगे की जांच शुरू कर दी है।


