सांगड़या में कल देर रात दो बोलेरो कैंपर मैदान में घुसाईं, खिलाड़ियों पर गाड़ी चढ़ाने की कोशिश; अपहृत युवक को मारपीट कर सोने की चेन व मोबाइल लूटे, ग्रामीणों की सूझबूझ से बची जान..
सांचौर उपखंड के सांगड़या गांव में चल रही नाइट क्रिकेट प्रतियोगिता के दौरान शुक्रवार देर रात मैदान में उस समय अफरा-तफरी मच गई जब दो बिना नंबर की बोलेरो कैंपर गाड़ियां तेज रफ्तार से मैदान में घुस गईं। खिलाड़ियों और दर्शकों पर गाड़ी चढ़ाने की कोशिश की गई, जिससे वहां भगदड़ का माहौल बन गया।

इसी बीच लाइव प्रसारण कर रहे यू-ट्यूब ऑपरेटर अशोक कुमार विश्नोई (निवासी डावल) को आरोपियों ने जबरन बोलेरो में डालकर अगवा कर लिया। उसे लेकर आरोपी जम्भेश्वर मंदिर के पास एक सुनसान खेत में पहुंचे, जहां मारपीट कर सोने की चेन और मोबाइल फोन छीन लिया गया।

अपहरण और मारपीट की पूरी वारदात: पीड़ित अशोक कुमार ने पुलिस को बताया कि रात करीब 11:15 बजे वह लाइव प्रसारण छोड़कर खाना खाने जा रहा था। इसी दौरान बोलेरो में सवार अनिल पुत्र आसूराम, सुरेश पुत्र आसूराम, राकेश पुत्र बाबूलाल (चितलवाना निवासी), विकास पुत्र सोनाराम (रतनपुरा निवासी) और एक अज्ञात व्यक्ति वहां पहुंचे। उन्होंने पहले मैदान में गाड़ी दौड़ाई, फिर अशोक को जबरन बोलेरो में डालकर ले गए।

जम्भेश्वर मंदिर के पास खाली खेत में आरोपियों ने उसे बुरी तरह पीटा और 25 ग्राम की सोने की चेन व विवो मोबाइल छीन लिया। इसी दौरान विकास ने कहा, “इसे नहर में डाल दो।” बोलेरो नर्मदा नहर की ओर बढ़ ही रही थी कि सामने से भभूताराम, सुरेश सियाक, रमेश खिलेरी सहित अन्य ग्रामीणों की भीड़ वहां पहुंच गई।

ग्रामीणों ने गाड़ियों को रुकवाने की कोशिश की तो आरोपी अनिल ने अशोक के गले पर चाकू रख धमकी दी, जबकि सुरेश ने हवा में फायर कर दहशत फैलाई। हड़कंप के बीच आरोपियों ने चलते वाहन से अशोक को पटक दिया और फरार हो गए।

पुलिस कार्रवाई: सूचना पर चितलवाना थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पीड़ित को अस्पताल पहुंचाया गया। मेडिकल जांच में बाहरी चोटें नहीं मिलीं, हालांकि भीतरी चोटों और दर्द की शिकायत बताई गई है।

गांव में दहशत का माहौल: घटना के बाद सांगड़या क्षेत्र में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने मांग की है कि आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तार कर कठोर कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाएं न दोहराई जाएं।

पुलिस ने मामले में धारा 307 (हत्या का प्रयास), 352, 355 सहित अन्य धाराओं में प्रकरण दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी।


