जोधपुर के एस.एन. मेडिकल कॉलेज में फार्माकोलॉजी विभाग के रेजिडेंट डॉक्टर डॉ. राकेश विश्नोई की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। विश्नोई समाज ने इस मामले में न्याय की मांग को लेकर मुख्यमंत्री के नाम सांचौर में एडीएम को ज्ञापन सौंपा।

पूर्व मंत्री सुखराम बिश्नोई के नेतृत्व में सैकड़ों की संख्या में सांचौर क्षेत्र के विश्नोई समाज के लोग ज्ञापन सौंपने के दौरान मौजूद रहे। ज्ञापन में बताया गया कि डॉ. राकेश विश्नोई को उनके विभाग के एचओडी डॉ. राजकुमार राठौड़ द्वारा बार-बार मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था। जिससे आहत होकर उन्होंने 13 जून को जहर खा लिया और 14 जून 2025 को उनका निधन हो गया।

ज्ञापन में सरकार से प्रमुख रूप से पांच मांगें रखी गईं:
- एचओडी डॉ. राजकुमार राठौड़ पर हत्या की धाराओं में तुरंत गिरफ्तारी हो।
- मामले की उच्च स्तर पर निष्पक्ष जांच करवाई जाए।
- डॉ. राकेश की पत्नी को सरकारी नौकरी दी जाए।
- पीड़ित परिवार को दो करोड़ रुपये का मुआवजा मिले।
- मेडिकल सेक्टर में रेजिडेंट डॉक्टरों के उत्पीड़न को रोकने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं।
विश्नोई समाज ने चेतावनी दी है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं की गई, तो समाज आंदोलन करेगा, जिसकी जिम्मेदारी प्रशासन और सरकार की होगी।



