भीनमाल.सुने मकानों की रैकी कर रात के समय जेवरात व नकदी चोरी करने वाले गिरोह का भीनमाल पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 70 हजार रुपए नकद और करीब 380 ग्राम चांदी की पायल सहित चोरी का माल बरामद किया है। वारदात में प्रयुक्त एफजेड यामाहा बाइक (जीजे 07 सीक्यू 0813) भी जब्त की गई है।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मोटाराम गोदारा और पुलिस उप अधीक्षक अन्नराज राजपुरोहित के सुपरविजन में, थानाधिकारी रामेश्वर भाटी के नेतृत्व में बनी टीम ने आरोपी अजयसिंह (23) और शेरसिंह (35), दोनों निवासी जिला आनंद (गुजरात) को मेहसाणा से दस्तयाब किया। पूछताछ में दोनों ने चोरी की वारदात कबूल कर ली। पुलिस ने आरोपियों को चार दिन के रिमांड पर लिया है।

चोरी का खुलासा ऐसे हुआ : प्रार्थी परेश कुमार नागर ने 24 अगस्त को रिपोर्ट दर्ज करवाई थी कि 23 अगस्त की रात उसके घर का ताला तोड़कर अज्ञात चोर सोने-चांदी के जेवर और 15 हजार नकद सहित सामान चोरी कर ले गए। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और गुप्त सूचना के आधार पर आरोपियों की पहचान कर लगातार निगरानी रखी। इसके बाद दोनों आरोपियों को दबोच लिया गया।

वारदात का तरीका : आरोपी अजयसिंह का जीजा मंगलसिंह मजदूरी करता है और वही रैकी कर आरोपियों को जानकारी देता था। इसके बाद अजयसिंह व शेरसिंह मोटरसाइकिल पर बडगांव पहुंचते, जहां से सुनसान घरों को निशाना बनाकर चोरी करते। पुलिस ने खुलासा किया है कि आरोपियों ने भीनमाल, जालोर और रामसीन क्षेत्र में भी वारदातें की हैं।

अन्य वारदातें कबूल : रामसीन थाना क्षेत्र में 22 अगस्त की रात घर में चोरी (प्रकरण संख्या 136/2025) वहीं जालोर कोतवाली क्षेत्र में 26 अगस्त की रात चोरी (प्रकरण संख्या 259/2025)।

पुलिस टीम : हेडकॉन्स्टेबल रामचन्द्र (टीम प्रभारी), कॉन्स्टेबल दिनेश कुमार, प्रेमचंद, ओमप्रकाश और दिनेश कुमार ने इस कार्रवाई में अहम भूमिका निभाई।


