भाग्योदय होटल के पास आमने-सामने की भिड़ंत; मौके पर एक युवक की मौत, दो गंभीर घायल-स्थानीय लोग और पुलिस ने मिलकर घायलों को बाहर निकाला…
सांचौर थाना क्षेत्र में रविवार देर शाम NH-68 पर धमाणा गोलिया की सरहद में बड़ा सड़क हादसा हो गया। भाग्योदय होटल के पास एक ट्रक और बोलेरो कैंपर की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसा इतना भीषण था कि बोलेरो कैंपर के परखच्चे उड़ गए। टक्कर की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर दौड़ पड़े।

हादसे में दीनगढ़ थाना धनाऊ निवासी जसराज की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि वागाराम और कंवराराम गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों घायलों को सांचौर के निजी अस्पताल ले जाया गया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद वागाराम की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे गुजरात रेफर कर दिया गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बाड़मेर से गुजरात की ओर जा रहा भेड़-बकरियों से भरा ट्रक NH-68 पर धमाणा गोलिया के पास सामने से आ रही बोलेरो कैंपर से टकरा गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बोलेरो का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही एंबुलेंस और पुलिस मौके पर पहुंची, और घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल भिजवाया। पुलिस ने दुर्घटनास्थल का मौका-मुआयना किया और क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क किनारे हटवाकर हाईवे पर यातायात सुचारू करवाया।
मृतक का शव सांचौर राजकीय अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर पूरे घटनाक्रम की जांच शुरू कर दी है।

स्थानीय लोगों ने बताया कि हादसा अचानक हुआ और टक्कर की आवाज इतनी तेज थी कि दूर तक सुनाई दी। लोगों ने पुलिस के साथ मिलकर घायलों को वाहन से बाहर निकालने में मदद की।


