भीनमाल (जालोर)। क्षेत्र के भादरड़ा गांव स्थित प्राचीन ईश्वरेश्वर महादेव मंदिर तक पहुंचने वाले श्रद्धालुओं की आस्था का सफर अब सुगम होने वाला है। सरकार ने करीब 2 करोड़ रुपए की लागत से 7 किलोमीटर लंबी सड़क के नवीनीकरण को स्वीकृति दे दी है। सरकार की स्वीकृति के बाद अब टेंडर प्रक्रिया पूरी होने पर निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा। नई सड़क बन जाने से न केवल ग्रामीणों की आवाजाही आसान होगी, बल्कि मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं को भी राहत मिलेगी।

ग्रामीणों ने बताया कि वर्तमान में भीनमाल से भादरड़ा तक की सड़क पूरी तरह जर्जर हो चुकी है। वाहनों की आवाजाही से दिनभर धूल के गुबार उठते रहते हैं और कई जगह गड्ढों के कारण वाहन चालकों को परेशानी होती है। बरसात के मौसम में लेवल सही नहीं होने से जगह-जगह जलभराव हो जाता है, जिससे सड़क टूट जाती है और रात के समय मोटरसाइकिल चालकों के फिसलने का खतरा बना रहता है।

नए नवीनीकरण में जहां-जहां जलभराव की समस्या है, वहां करीब 50 मीटर तक सीसी सड़क बनाई जाएगी ताकि बरसात में भी आवागमन सुचारू रहे। ग्रामीणों ने सरकार के इस निर्णय का स्वागत करते हुए इसे “आस्था का मार्ग सुगम करने वाला कदम” बताया।



