नाइजीरिया से सीधी सप्लाई, हवाला से पेमेंट: सांचौर में सबसे बड़ी ड्रग डील का खुलासा..
सांचौर.जालौर जिले के करड़ा पुलिस और एएनटीएफ ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए सोमवार को सांचौर क्षेत्र के सेड़िया गांव में एक बड़ी सफलता हासिल की। टीम ने एक मकान की रसोई से 1.077 किलो मैफाडोन (मोली) और 762 ग्राम स्मैक बरामद की। जब्त मादक पदार्थ की बाजार कीमत करीब 2.5 करोड़ रुपए आंकी गई है। मौके से पुलिस ने एक मोटरसाइकिल भी जब्त की।

टीम ने सेड़िया निवासी सुरेश कुमार (30) पुत्र मोहनलाल विश्नोई को गिरफ्तार कर एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज किया है। आरोपी कई सालों से नशे का कारोबार कर रहा था, लेकिन अब तक पुलिस की पकड़ से दूर था और उसके खिलाफ कोई रिकॉर्ड भी नहीं था।

नाइजीरियन सप्लायर से सीधा कनेक्शन, हवाला से चलता था लेन-देन : जांच में सामने आया कि सुरेश पहले स्थानीय स्तर पर एमडी, हेरोइन व स्मैक की छोटी-छोटी खेप लाकर खपाता था। बाद में मांग बढ़ने पर उसने नाइजीरिया से भी सीधा माल मंगवाना शुरू कर दिया। इसके लिए वह पैसों का लेनदेन हवाला चैनल के जरिए करता था। पुलिस के अनुसार, सुरेश एक ही बार में करोड़ों की डील करने लगा था और हर बार लोकेशन बदलकर कार्रवाई से बच निकल जाता था।

सूरत में हीरे घिसते-घिसते बना तस्कर, चाचा ने दिखाया रास्ता : सुरेश 10वीं फेल होने के बाद सूरत चला गया था। वहां पहले एसी-फ्रिज रिपेयरिंग करता था, बाद में पिता के साथ हीरे की घिसाई का काम। लेकिन शौक पूरे करने के चक्कर में उसने शॉर्टकट ढूंढना शुरू किया। इसी दौरान वह अपने चाचा बुद्धराम के संपर्क में आया, जिसने उसे एमडी, हेरोइन और स्मैक के अवैध कारोबार में लगा दिया।

तभी रिश्तेदार को हुआ शक, दी पुलिस को जानकारी : सुरेश अचानक महंगे मोबाइल, गाड़ियां और शौक दिखाने लगा। यह देखकर उसके एक रिश्तेदार को शक हुआ। उसने चुपचाप निगरानी कर सुरेश की गतिविधियों की जानकारी जुटाई। निश्चित होने पर उसने सूचना एएनटीएफ को दे दी।

टीम कई दिनों से सुरेश पर नजर बनाए हुए थी। बड़ी खेप आने की पुष्टि होते ही टीम ने सेड़िया में दबिश देकर आरोपी को पकड़ लिया।


