वरिष्ठ सहायक 10 हजार की रिश्वत लेते गिरफ्तार, स्कूल की मान्यता के नाम पर मांगी रिश्वत, ACB ने पकड़ा, UDISE ID देने की एवज में मांगी रकम
जालोर में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कार्यालय जिला शिक्षा अधिकारी (प्रारंभिक) में कार्यरत वरिष्ठ सहायक महेंद्र कुमार को 10,000 रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।

एसीबी महानिदेशक गोविंद गुप्ता ने बताया कि 1064 हेल्पलाइन पर प्राप्त शिकायत में खुलासा हुआ था कि आरोपी महेंद्र कुमार परिवादी से स्कूल की मान्यता, यूडाइस ID और पासवर्ड जारी करने के बदले रिश्वत की मांग कर रहा था और भुगतान नहीं करने पर काम अटकाने की धमकी दे रहा था।

शिकायत सत्यापन के बाद जोधपुर रेंज DIG भुवन भूषण यादव के निर्देशन में तथा एसीबी जालोर के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मांगीलाल राठौड़ की टीम ने आज ट्रैप कार्रवाई करते हुए आरोपी से पूरी राशि बरामद की।

अतिरिक्त महानिदेशक एसीबी, स्मिता श्रीवास्तव के निर्देशन में आगे की पूछताछ जारी है। आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।


