
सांचोर। राजस्थान शिक्षक संघ (प्रगतिशील) का दो दिवसीय शैक्षिक सम्मेलन राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय सांचोर में सम्पन्न हुआ। समापन समारोह में पूर्व विधायक नारायणसिंह देवल, बागोड़ा सीबीईओ भगवानाराम विश्नोई, उपप्रधान महादेवाराम देवासी, रूगनाथराम बावरला व संरक्षक पूनमचंद विश्नोई अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

जिला मंत्री बाबूलाल कड़वासरा ने बताया कि द्वितीय दिवस खुले अधिवेशन में अनेक शिक्षकों ने विद्यालयों में नवाचार को लेकर अपने विचार साझा किए। पूर्व विधायक नारायणसिंह देवल ने कहा कि शिक्षक समाज निर्माण की रीढ़ हैं। उनकी मेहनत और समर्पण से ही विद्यार्थी नई ऊँचाइयों को छूते हैं और समाज में सकारात्मक बदलाव आता है।सीबीईओ भगवानाराम विश्नोई ने कहा कि शिक्षक विद्यालय में नवाचार और कठिन परिश्रम से विद्यार्थियों को आगे बढ़ने का मजबूत आधार प्रदान करते हैं।

संरक्षक पूनमचंद विश्नोई ने वर्तमान हालातों पर चिंता जताते हुए कहा कि सरकार को शिक्षकों की मांगें माननी ही होंगी। प्रदेश मुख्य महामंत्री किशनलाल सारण ने भरोसा दिलाया कि संगठन हर परिस्थिति में शिक्षकों के साथ खड़ा रहेगा। उन्होंने बताया कि आगामी 13 अक्टूबर को निदेशक माध्यमिक शिक्षा बीकानेर पर विशाल धरना-प्रदर्शन कर ज्ञापन सौंपा जाएगा। जिलाध्यक्ष जयकरण खिलेरी ने शिक्षकों के स्थायीकरण की मांग उठाते हुए चेतावनी दी कि जल्द समाधान नहीं हुआ तो बड़ा आंदोलन किया जाएगा। सम्मेलन संयोजक प्रभाराम चौधरी ने भामाशाहों का धन्यवाद ज्ञापित करते हुए सभी प्रतिभागियों का आभार प्रकट किया।

इस अवसर पर अहमदाबाद के व्यवसायी भेराराम विश्नोई, पथूराम मेघवाल, रामनिवास साहू, श्याम ढाका, कालाराम पहाड़िया, डॉ. इंदु विश्नोई, व्याख्याता सुशीला सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग और शिक्षक मौजूद रहे। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगीत के साथ हुआ तथा मेहमानों द्वारा सम्मेलन ध्वज का अवतरण किया गया।



