राजस्थान में भ्रष्टाचार पर एसीबी का बड़ा वार, ट्रांसपोर्ट अफसर की काली कमाई का खुलासा, ACB का ट्रांसपोर्ट अफसर पर ताबड़तोड़ हमला, माउंट आबू से सांचौर तक एक साथ छापे, संपत्ति की लंबी लिस्ट मिली, आय से 201% ज्यादा संपत्ति, परिवहन निरीक्षक पर ACB का शिकंजा, सांचौर से लेकर जोधपुर तक सर्च ऑपरेश।
ACB ACTION सांचौर/जालोर/सिरोही राज्यभर में आय से अधिक संपत्ति के मामले में परिवहन निरीक्षक सुजानाराम चौधरी के ठिकानों पर एसीबी ने सुबह तड़के बड़ी कार्रवाई शुरू की। सांचौर, जालोर, सिरोही, जोधपुर, भीनमाल और माउंट आबू सहित कुल 6 जगहों पर एक साथ सर्च ऑपरेशन चलाया गया।

सांचौर में एसीबी की टीम आरटीओ कार्यालय पहुंची, जहाँ निरीक्षक से दस्तावेजों की जांच के साथ-साथ पूछताछ की जा रही है। सूत्रों के अनुसार, एसीबी को परिवहन अधिकारी के खिलाफ बेनामी संपत्ति और लेनदेन की गोपनीय शिकायत मिली थी, जिसके बाद जयपुर मुख्यालय के निर्देश पर यह कार्रवाई की गई।

तीन करोड़ से ज्यादा की संपत्ति का अब तक खुलासा : अब तक की कार्रवाई में भीनमाल, जोधपुर, सिरोही और आबू में करीब 15 आवासीय व व्यावसायिक संपत्तियाँ सामने आई हैं। इनमें जोधपुर की पाल क्षेत्र, शास्त्री नगर और चौपासनी हाउसिंग बोर्ड में फ्लैट्स व भूखंड शामिल हैं। साथ ही सिरोही और माउंट आबू में मकान व भूखंड भी जब्त दस्तावेजों में सामने आए हैं।

दो करोड़ पचपन लाख की आय से अधिक संपत्ति : प्रारंभिक आकलन के अनुसार, अधिकारी ने सरकारी सेवा में रहते हुए अब तक दो करोड़ पचपन लाख रुपए की आय से अधिक संपत्ति अर्जित की है। यह वैध आय से करीब 201% ज्यादा बताई जा रही है। इसके अलावा अधिकारी व परिवारजनों के नाम सात बैंक खातों में भारी भरकम लेन-देन के साथ करीब 12 लाख रुपए कैश भी बेनकाब हुआ है।

गुजरात बॉर्डर पर भी नाकाबंदी : कार्रवाई के मद्देनज़र राजस्थान-गुजरात सीमा पर स्थित सांचौर और मंदार बॉर्डर पर भी एसीबी की टीमों द्वारा नाकाबंदी की गई है। संदिग्ध दस्तावेजों और संपत्ति के भौतिक सत्यापन के लिए कई टीमें फिलहाल मौके पर मौजूद हैं।
सूत्रों के अनुसार, देर शाम तक पूरी जांच रिपोर्ट सार्वजनिक की जा सकती है।


