रील बनाने बुलाया, फिर मोबाइल से उड़ा दिए ₹1.93 लाख, 4 आरोपी 48 घंटे में धराए, इंस्टाग्राम पर रील की दोस्ती, सुनसान में धमकाकर की ऑनलाइन लूट, सोशल मीडिया गैंग का पर्दाफाश: एक्टिव यूजर्स को बनाते थे शिकार, मोबाइल से ट्रांजेक्शन कराते थे जबरन।
सायला (जालोर)। सोशल मीडिया पर इंस्टाग्राम के जरिये दोस्ती कर युवक को रील बनाने के बहाने बुलाया, फिर सफेद स्विफ्ट कार में बैठाकर एकांत जगह ले गए। वहां चार युवकों ने उसे डराया-धमकाया और मोबाइल छीनकर करीब 1 लाख 93 हजार रुपये अलग-अलग खातों में ट्रांसफर करवा लिए। घटना के बाद सायला पुलिस ने गिराब (बाड़मेर) थाना पुलिस के साथ संयुक्त कार्रवाई करते हुए 4 युवकों को गिरफ्तार किया है।

घटना 28 जुलाई की है। प्रार्थी लाबूराम पुत्र हरसनराम देवासी निवासी विशाला ने रिपोर्ट दी कि वह इंस्टाग्राम पर रील बनाता है। एक युवक ने खुद को ईश्वरसिंह सोढा बताकर कॉल किया और महाराणा प्रताप चौक पर मिलने बुलाया। जब लाबूराम वहां पहुंचा, तो उसे कार में बैठाकर कोरा की तरफ ले जाया गया। रास्ते में चार युवक और कार में सवार हुए और कुछ दूर जाकर मोबाइल छीन लिया। फोन का लॉक खुलवाकर पूरा डाटा देखा और फिर फोन-पे से पासवर्ड लेकर ₹1,93,000 रुपये ट्रांसफर कर दिए। इसके बाद उसे पांथेड़ी गांव की सरहद में छोड़कर फरार हो गए। सायला थाने में मुकदमा संख्या 206/2025, धारा 308(2) भारतीय न्याय संहिता 2023 के तहत मामला दर्ज किया गया।

48 घंटे में सभी आरोपी गिरफ्तार: जांच में सायला थानाधिकारी सुरेन्द्रसिंह व गिराब थानाधिकारी देवीसिंह की टीम ने संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए 30 जुलाई को सभी 4 आरोपियों को सरहद बालेवा (गिराब थाना क्षेत्र) से दस्तयाब कर गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपी: 1. ईश्वरसिंह पुत्र चंदनसिंह (22), अगासड़ी, गिराब थाना। 2. महेन्द्रसिंह पुत्र भूरसिंह (25), नवातला, बीजराड़ थाना। 3. विंजराजसिंह उर्फ नारायणसिंह पुत्र भैरूसिंह (18), सिणधरी, बालोतरा। 4. जुंजारसिंह पुत्र अर्जुनसिंह (21), गैहूं, बाड़मेर ग्रामीण थाना
पुलिस टीम में शामिल: सायला से सउनि बाबूलाल, कानि. मोहित, रामदेवसिंह व गिराब से उ.नि. देवीसिंह, सउनि रणजीतसिंह, कानि. नेपालसिंह, बालाराम, देवाराम व चंद्रशेखर। तकनीकी सहयोग जालोर पुलिस कंट्रोल रूम से मिला।

वारदात का तरीका: आरोपी इंस्टाग्राम आदि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर एक्टिव युवाओं को टारगेट करते हैं, उन्हें रील बनाने के नाम पर बुलाते हैं। फिर सुनसान जगह ले जाकर धमकाते हैं और मोबाइल से रुपए ट्रांसफर कर लेते हैं।
पुलिस की अपील: सोशल मीडिया पर अनजान लोगों से संपर्क करते समय सतर्क रहें। किसी भी अजनबी के कहने पर एकांत स्थानों पर न जाएं। इस तरह की किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें।


