सांचौर। सांचौर शहर के रबारियों का गोलिया में महिला के साथ दुष्कर्म के प्रयास का मामला सामने आया है। पीड़िता ने धमाणा निवासी मोहन पुत्र सवाराम सुथार पर आरोप लगाते हुए सांचौर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है।

थानाधिकारी देवेन्द्रसिंह कच्छवाह ने बताया कि पीड़िता मूल रूप से गुजरात की रहने वाली है और वर्तमान में सांचौर में किराए के मकान में अपने बच्चों के साथ रहकर एक निजी कंपनी में कार्यरत है। महिला ने रिपोर्ट में कहा कि उसकी पहचान मोहन से पार्सल लाने-ले जाने के दौरान हुई थी। शुरू से ही मोहन का व्यवहार संदिग्ध था और उसकी नजरें गलत इरादे वाली थीं।

घटना का विवरण : पीड़िता के अनुसार 26 अगस्त की शाम करीब 6 बजे मोहन अचानक उसके घर पहुंचा। उस समय महिला के दोनों बच्चे सो रहे थे। आरोप है कि मोहन ने घर में घुसकर महिला के साथ जबरदस्ती की, कपड़े फाड़ने की कोशिश की। शोर मचाने पर उसके बच्चे जाग गए और बाहर आ गए। इस दौरान महिला खुद को छुड़ाकर चिल्लाई, जिससे आरोपी मौके से भाग निकला। महिला ने पुलिस को बताया कि घटना के कुछ दृश्य उसके मोबाइल में रिकॉर्ड हो गए हैं, जिन्हें साक्ष्य के तौर पर पुलिस को सौंप दिया गया है।

पुलिस की कार्रवाई : पुलिस ने आरोपी मोहन के खिलाफ दुष्कर्म प्रयास व धमकी देने का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार किया जाएगा और पीड़िता को हरसंभव न्याय दिलाया जाएगा।

घटना का वीडियो हुआ वायरल : घटना से जुड़े दो वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। इनमें महिला नजर नहीं आ रही है, लेकिन उसकी आवाज सुनाई देती है। वीडियो में महिला एक शख्स से सवाल करती है कि मेरे स्क्रीनशॉट ग्रुप में क्यों वायरल किए। जवाब में शख्स कहता है-“मुझे भेजने से मना कौन करता है।” इसके बाद वह महिला का हाथ खींचता है और महिला कहती है-“यह व्यक्ति मेरे साथ जबरदस्ती कर रहा है।”



