– जवाई नदी का पानी चितलवाना क्षेत्र में आज करेगा प्रवेश, निचले इलाकों में और बढ़ सकती है मुसीबत
– कई घंटों से लगातार बारिश, शहर और गांवों में अंधेरे ने बढ़ाई परेशानी
सांचौर। पिछले कई घंटों से सांचौर क्षेत्र में मूसलाधार बारिश जारी है। लगातार बारिश से लूणी नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ गया। देर रात लालपुरा (रामपुरा) चितलवाना की सरहद में पानी घुसने से 12 लोग चारों तरफ से फंस गए। सूचना मिलते ही प्रशासन हरकत में आया और देर रात NDRF की टीम को मौके पर भेजा गया। चितलवाना SDM देशलाराम, तहसीलदार चमनलाल सियोल और पटवारी वालाराम गोदारा के नेतृत्व में प्रशासनिक टीम मौके पर पहुंची। इसके बाद NDRF की टीम ने कड़ी मशक्कत कर सभी 12 लोगों को सुरक्षित रेस्क्यू किया। फिलहाल इन्हें पास के स्कूल में ठहराया गया है।

जवाई नदी से और बढ़ेगा संकट : प्रशासन ने चेतावनी दी है कि रविवार को जवाई नदी का पानी चितलवाना क्षेत्र में प्रवेश करेगा। ऐसे में निचले इलाकों के लोगों की मुश्किलें और बढ़ सकती हैं। वहीं दूसरी ओर क्षेत्र में लगातार तेज बारिश के कारण विद्युत आपूर्ति भी कई घंटों से ठप है। अंधेरे में डूबे गांवों में लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

प्रशासन की अपील : भारी बारिश के चलते प्रशासन ने अपील की है कि लोग नदी-नालों के किनारे न जाएं, मौसम साफ होने तक सावधानी बरतें और आपात स्थिति में तुरंत प्रशासन से संपर्क करें।

सांचौर शहर 30 घण्टो से ज्यादा समय बाद भी अंधेरे में : सांचौर शहर में बारिश व आंधी शुरू होते ही शनिवार को शाम को हुई अघोषित बिजली कटौती अब भी जारी है, पूरा शहर अंधेरे के आगोश में है, वहीं रात्रि के समय मच्छरों के कारण भी लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। हालांकि विद्युत विभाग की टीमें दुरुस्त करने के कार्यों में जुटी हुई है लेकिन जगह जगह पर तेज आंधी के कारण पोल गिरने या पेड़ गिरने के कारण विद्युत लाइन टूट गई हैं।


