आईबी की सूचना पर एटीएस की बड़ी कार्रवाई, चंदे की रसीदें, मोबाइल और दस्तावेज जब्त; सांचौर व जोधपुर के दो सगे भाई भी शामिल…
राजस्थान में एटीएस और आईबी की संयुक्त कार्रवाई में आतंकी नेटवर्क से जुड़े होने के शक में शुक्रवार को जयपुर, जोधपुर, जालोर और करौली जिलों से पांच संदिग्ध मौलवियों को हिरासत में लिया गया। सभी विदेश में संदिग्ध व्यक्तियों के संपर्क में थे और विदेश यात्रा की योजना बना रहे थे।

एडीजी एटीएस-एजीटीएफ दिनेश एमएन के अनुसार, प्रारंभिक जांच में फॉरेन फंडिंग और संदिग्ध संगठनों से आर्थिक सहयोग के संकेत मिले हैं। पांचों से पूछताछ जयपुर में चल रही है।

__मौलवी की पत्नी बोली मेरे पति निर्दोश
सांचौर से ओसामा-उमर, जोधपुर से मसूद, अयूब और करौली-जयपुर से दो अन्य गिरफ्तारियां : एटीएस ने सांचौर के झेरड़ियावास से ओसामा उर्फ अनवर खान, जोधपुर के पीपाड़ से उसके भाई मसूद, जोधपुर शहर से मोहम्मद अयूब पुत्र अब्दुल गफ्फार, करौली से मोहम्मद जुनेद पुत्र हाफिज मजहर और जयपुर से बसीर पुत्र सगीरूदीन को हिरासत में लिया है।

मदरसे में पढ़ाते हैं दो संदिग्ध मौलवी : जानकारी के मुताबिक, अयूब और ओसामा दोनों मौलवी हैं और स्थानीय मदरसों में बच्चों को पढ़ाते हैं। अयूब जोधपुर के चोखा क्षेत्र में करीब 15 साल से रह रहा है और चोपासनी के एक मदरसे में शिक्षक के रूप में कार्यरत है। वहीं, ओसामा मूलतः बाड़मेर के रामसर गांव का निवासी है और सांचौर की एक मस्जिद में मौलवी है।

चंदे की रसीदें, मोबाइल और दस्तावेज बरामद : जोधपुर की बोम्बे आवास योजना स्थित अयूब के मकान से दो मोबाइल, चंदे की रसीदें और अन्य दस्तावेज बरामद किए गए। पीपाड़ में छापेमारी के दौरान मसूद पहले फरार हो गया, लेकिन बाद में उसे पकड़ लिया गया। उससे भी मोबाइल और दस्तावेज जब्त किए गए।

फॉरेंसिक जांच में जुटी एटीएस : एटीएस टीम ने पांचों से मिले डिजिटल उपकरणों को फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा है। प्रारंभिक जांच में संकेत मिले हैं कि विदेश से चंदा एकत्रित कर आर्थिक सहायता की जा रही थी। एटीएस अब फंडिंग के स्रोत और संपर्कों की गहनता से जांच कर रही है।

एडीजी दिनेश एमएन का बयान : “विदेशी लोगों से फंडिंग के शक में पांच लोगों को हिरासत में लिया गया है। डिजिटल साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और पूछताछ जारी है।”


