बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ के काफिले में एस्कॉर्ट गाड़ी का स्टेयरिंग फेल, ASI घायल; टला बड़ा हादसा
जालोर जिले के बागोड़ा क्षेत्र में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ के प्रवास के दौरान उनके काफिले में शामिल पुलिस एस्कॉर्ट वाहन तकनीकी खराबी का शिकार हो गया। भारतमाला के पास झाब MDR रोड पर स्कॉर्टिंग के दौरान 112 वाहन का स्टेयरिंग अचानक फेल हो गया, जिससे गाड़ी अनियंत्रित होकर पलट गई।

हादसे में बागोड़ा थाने में तैनात ASI नरसाराम के हाथ में फ्रैक्चर हुआ है, जबकि ड्राइवर सहित अन्य पुलिसकर्मियों को मामूली चोटें आई हैं। घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां सभी की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार, मदन राठौड़ जूनी बाली में भाजपा जिलाध्यक्ष जसराज राजपुरोहित के निवास पर आयोजित शादी समारोह में शामिल होकर लौट रहे थे। घटना की सूचना मिलते ही उन्होंने काफिला रुकवाया और घायलों का हालचाल जाना। साथ ही अधिकारियों को आवश्यक निर्देश भी दिए।

बागोड़ा थानाधिकारी बलदेवराम ने बताया कि मेड़ा गांव के पास एस्कॉर्ट में लगी 112 वाहन का स्टेयरिंग फेल होने से हादसा हुआ। गनीमत रही कि समय रहते स्थिति संभल गई और कोई बड़ा नुकसान नहीं हुआ।


