खेत पर गई थी किशोरी, नहीं लौटी तो पिता ने दर्ज कराई गुमशुदगी; जांच में खुला अपहरण और रेप का राज…
जालोर जिले से इंसानियत को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है। बागोड़ा थाना क्षेत्र की एक नाबालिग को युवक बहला फुसलाकर महाराष्ट्र के आहिल्यानगर ले गया और वहां उसे चार दिन तक बंधक बनाकर दुष्कर्म किया। मामले में पॉक्सो कोर्ट जालोर ने आरोपी को 20 साल के कठोर कारावास और आर्थिक दंड की सजा सुनाई है।

घटना 28 जनवरी 2025 की है। किशोरी दोपहर करीब तीन बजे खेत पर गई थी, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटी। परिजनों ने आसपास और रिश्तेदारों में खोजबीन की, मगर कोई सुराग नहीं मिला। जब खेत के पास पीड़िता के कपड़े मिले, तो परिजनों ने अपहरण की आशंका जताई और 30 जनवरी को गुमशुदगी रिपोर्ट दर्ज कराई।

जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि आरोपी मुकेश कुमार (22) निवासी बागोड़ा क्षेत्र, लड़की को लेकर महाराष्ट्र चला गया है। वहां उसने उसे लोणी शहर की शांतिनगर कॉलोनी के कमरे में बंद रखकर शारीरिक शोषण किया। पुलिस ने लगातार तलाश के बाद 5 मार्च को महाराष्ट्र से आरोपी और पीड़िता दोनों को बरामद किया। पूछताछ और मेडिकल जांच में दुष्कर्म की पुष्टि होने पर आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया।

विशिष्ट लोक अभियोजक रणजीत सिंह राजपुरोहित ने बताया कि पुलिस ने जांच पूरी कर चार्जशीट कोर्ट में पेश की। इसके बाद विशिष्ट न्यायाधीश (पॉक्सो) प्रमोद कुमार मलिक ने आरोपी को दोषी करार देते हुए 31 अक्टूबर को फैसला सुनाया।


