कर्ज के बोझ तले दबा सांचौर का व्यापारी, नर्मदा नहर में कूदकर की जीवनलीला समाप्त, कृष्ण जन्माष्टमी पर सांचौर में मातम, प्लास्टिक व्यापारी ने नर्मदा नहर में कूद दी जान।
जालोर जिले के सांचौर उपखंड क्षेत्र में कृष्ण जन्माष्टमी के दिन एक दर्दनाक घटना सामने आई। सांचौर दरबार चौक पर प्लास्टिक की दुकान चलाने वाले व्यापारी महेश खत्री (40) पुत्र अमरचंद खत्री ने शनिवार को सिधेश्वर की सरहद में नर्मदा मुख्य नहर में कूदकर आत्महत्या कर ली।

नहर किनारे उसकी स्कूटी और मोबाइल बरामद होने के बाद पुलिस व ग्रामीणों ने तलाशी शुरू की। घटनास्थल से करीब 5 किलोमीटर आगे सियाको की ढाणी के पास उसका शव मिला। पुलिस ने शव को बाहर निकालकर सांचौर की राजकीय मोर्चरी में रखवाया।

परिजनों को पहले ही दी थी सूचना : जानकारी के अनुसार, महेश खत्री ने नहर में कूदने से पहले अपने परिजनों को फोन कर खुदकुशी की सूचना दी थी। उसने बताया था कि वह कर्जदारी के दबाव में जीना नहीं चाहता। इसके बाद परिजन मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक वह नहर में कूद चुका था।

भाई ने भी कुछ साल पहले किया था सुसाइड : परिवारजनों का कहना है कि कुछ वर्ष पूर्व मृतक के सगे भाई ने भी सुसाइड कर लिया था। हालांकि उस वक्त आत्महत्या के कारण स्पष्ट नहीं हो पाए थे। अब परिवार में फिर से वैसा ही दर्दनाक मंजर देखने को मिला है।

कृष्ण जन्माष्टमी पर क्यों उठाया कदम : मृतक रोजाना समय पर अपनी दुकान पर बैठता था, लेकिन शनिवार को कृष्ण जन्माष्टमी की छुट्टी होने के चलते घर पर था। अचानक उसने यह कदम क्यों उठाया, यह पुलिस जांच का विषय बना हुआ है।फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है


