Sanchore News: जालौर जिला पुलिस अधीक्षक ज्ञानचंद यादव के निर्देशन में भोकाल अभियान के तहत आज सांचौर के सहायक पुलिस अधीक्षक कांबले शरण गोपीनाथ के नेतृत्व में सांचौर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध अफीम की खेती पकड़ी हैं, इस मामलें में पुलिस ने एक आरोपी को भी गिरफ्तार किया है। सांचौर पुलिस ने शहर के डूंगरा का गोलियां में स्थित एक खेत में मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर दबिश दी। जहां से पुलिस ने करीब 3 हजार से अधिक अफिम के पौधे बरामद किए हैं।

आरोपी ने आधे पौधों से उतारा अफीम और डोडे : पुलिस के द्वारा बरामद किये गए पौधों में से 2000 के करीब पौधों पर से डोडे और अफीम उतार लिया गया था। वहीं अन्य 1600 पौधों पर डोडे लगे हुए थे। जिनको आरोपी तोड़ने की फिराक में था। लेकिन पुलिस ने उससे पहले भंडाफोड़ कर दिया। पुलिस ने आरोपी कमलेश पुत्र रूपचंद परमार (दर्जी) को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी से पुलिस के द्वारा पूछताछ की जा रही हैं। कार्रवाई के दौरान सांचौर थानाधिकारी देवेंद्र सिंह, सांकड़ चौकी प्रभारी सुरेंद्र सिंह राव सहित पुलिस टीम मौजूद रही।

कल भी पकड़ी गई थी अवैध अफीम की खेती : चितलवाना पुलिस के द्वारा कार्रवाई करते हुए कल सोमवार को भी रणोदर की सरहद में अवैध अफीम की खेती पकड़ी गई हैं। वहीं उसके बाद में अब लगातार दूसरे दिन भी IPS काम्बले शरण गोपीनाथ के निर्देशन में सांचौर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अवैध अफीम की खेती पकड़ी हैं।