दासपा गांव में आधी रात की घटना, चारपाई पर मिले शव; आरोपी गिरफ्तार, पारिवारिक विवाद की आशंका
भीनमाल (जालोर). राजस्थान के भीनमाल थाना क्षेत्र के दासपा गांव में बुधवार देर रात एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई। यहां एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी और दो मासूम बच्चों की धारदार हथियार से हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी ने खुद पुलिस को फोन कर घटना की जानकारी दी।

सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में ले लिया। घटनास्थल से तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया गया है। एफएसएल टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं।

चारपाई पर पड़े मिले शव : थानाधिकारी राजेंद्र सिंह राजपुरोहित के अनुसार, गुरुवार सुबह करीब 6 बजे सूचना मिली। आरोपी मंगलाराम (40) पुत्र पदमाराम पुरोहित ने अपनी पत्नी दाड़मी देवी (39) और दो बच्चों नीकू (10) व हितेश (7) की हत्या कर दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने देखा कि तीनों के शव घर में चारपाई पर पड़े थे। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि वारदात धारदार हथियार से की गई। कमरे की दीवारों पर खून के छींटे लगे हुए थे।

खुद दी पुलिस को सूचना : वारदात के बाद आरोपी ने स्वयं पुलिस को फोन कर घटना की जानकारी दी। पुलिस ने उसे मौके से ही गिरफ्तार कर लिया और पूछताछ शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर पारिवारिक विवाद की आशंका जताई जा रही है, हालांकि वास्तविक कारणों का खुलासा विस्तृत जांच के बाद ही हो सकेगा।

दादा के साथ सो रहा था एक बेटा : बताया जा रहा है कि आरोपी के तीन बेटे और एक बेटी हैं। बड़ा बेटा गोपाल (18) दक्षिण भारत में काम करता है। वहीं 14 वर्षीय बेटा मुकेश घटना की रात अपने दादा के साथ दूसरे घर में सो रहा था, जिससे उसकी जान बच गई। घटना के बाद गांव में शोक और स्तब्धता का माहौल है। पुलिस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है।


