उद्घाटन से पहले ही क्षतिग्रस्त हुआ एक्सप्रेस-वे, जेसीबी से चल रही खानापूर्ति, सांचौर-गांधव हाईवे पर दो दिन से लंबा जाम, यात्री व वाहन चालक बेहाल, बागोड़ा से सांचौर तक मार्ग बड़े वाहनों के लिए बंद, फिर भी जगह-जगह टूटी सड़क
सांचौर। करोड़ों रुपए की लागत से बनी भारतमाला सड़क 2 दिन में हुई बारिश से भारतमाला जगह-जगह से बिखर गई। छोटे वाहनों को परेशानी का सामना करना ही पड़ रहा है। 2 दिन लगातार हो रही बारिश में लाछड़ी टोल प्लाजा के पास बने गहरे गड्ढे से सड़क धंस गई और इसके साथ ही सांचौर लिफ्ट कैनाल भी क्षतिग्रस्त हो गई। तेज बहाव में नहर दो से तीन स्थानों पर टूट गई, जिससे पानी का रिसाव बढ़ गया।

इससे पहले भी जाजुसन पुलिया और बागोड़ा के पास सड़क बह चुकी है। अब निर्माण कंपनी जेसीबी मशीनों से मिट्टी डालकर खानापूर्ति में जुटी है। स्थानीय लोगों का सवाल है कि उद्घाटन से पहले ही जब सड़क इस हाल में है तो आमजन और बड़े वाहनों के शुरू होने पर स्थिति कितनी भयावह होगी। अब निगाहें NHAI पर टिकी हैं कि क्या वह जिम्मेदार कंपनी पर कार्रवाई करेगा।

उधर, सांचौर शहर का नेशनल हाईवे भी बारिश और पुल निर्माण के चलते जाम की समस्या से जूझ रहा है। पिछले दो दिनों से सांचौर से गांधव तक लंबा जाम लगा हुआ है। यात्री और वाहन चालक परेशान हैं। फिलहाल बागोड़ा से सांचौर तक मार्ग बड़े वाहनों के लिए बंद रखा गया है, लेकिन सड़क टूटने से छोटे वाहनों के लिए भी खतरा बना हुआ है।

स्थानीय लोगों ने कहा कि करोड़ों की लागत से बनी सड़क का यह हाल चिंताजनक है। अगर इतनी बारिश में सड़क टूट जाए तो भविष्य में जान-माल की सुरक्षा पर बड़ा खतरा मंडराएगा।

मीडिया हाउस के पत्रकारों ने जब जगह-जगह टूटे हुए भारत माला के गढ़ों को कमरे में कैद करना चाहा तो ठेकेदारों के आदमियों द्वारा फोटो खींचने से रोका गया।


