सांचौर। वृत सांचौर की स्पेशल टीम एवं पुलिस थाना सांचौर ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए ऑपरेशन भौकाल के तहत अवैध शराब तस्करों के खिलाफ दो बड़ी कार्यवाही को अंजाम दिया। इस दौरान कुल 170 कार्टन अवैध अंग्रेजी शराब व बीयर तथा परिवहन में प्रयुक्त दो स्कॉर्पियो गाड़ियों को जब्त किया गया। जब्त माल एवं वाहनों की अनुमानित कीमत करीब 42 लाख 80 हजार रुपये आंकी गई है।

यह कार्रवाई पुलिस महानिरीक्षक जोधपुर रेंज के दिशा-निर्देश पर, जिला पुलिस अधीक्षक जालोर शैलेन्द्र सिंह इंदौलिया के नेतृत्व में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सांचौर आवडदान रतनू तथा सहायक पुलिस अधीक्षक वृताधिकारी कांबले शरण गोपीनाथ (IPS) व थानाधिकारी सांचौर देवेंद्र सिंह के सुपरविजन में गठित विशेष टीम द्वारा की गई।

पहली कार्रवाई : 24 अगस्त को थाना सांचौर के पुनमाराम मय जाब्ता एवं स्पेशल टीम ने मुखबिर की सूचना पर एनएच-68, सरहद गरडाली पर नाकाबंदी की। इस दौरान स्कॉर्पियो (नंबर GJ-01-KH-1423) को रोकने का इशारा किया गया, लेकिन चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। तलाशी में गाड़ी से 90 कार्टन राजस्थान निर्मित अवैध अंग्रेजी शराब व बीयर बरामद हुए। इस संबंध में राजस्थान आबकारी एक्ट में दर्ज किया गया है।

दूसरी कार्रवाई : 25 अगस्त को उपनिरीक्षक मदनलाल मय जाब्ता एवं स्पेशल टीम ने भारतमाला रोड, सरहद गरडाली पर नाकाबंदी की। इसी दौरान स्कॉर्पियो (नंबर GJ-03-MH-9272) को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन चालक वाहन छोड़कर भाग गया। तलाशी में गाड़ी से 80 कार्टन अवैध अंग्रेजी शराब व बीयर बरामद किए गए। इस पर प्रकरण दर्ज कर आगे की जांच शुरू की गई है।


