NCB–ANTF–जालोर पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, ‘ऑपरेशन प्रयोगशाला’ में 50 किलो MD बनाने के उपकरण बरामद
राजस्थान में नशे के खिलाफ चल रहे अभियान के तहत नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB) जोधपुर, एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) राजस्थान और जालोर पुलिस ने बड़ी संयुक्त कार्रवाई करते हुए सांचौर क्षेत्र के खारा गांव में संचालित एक गुप्त MD ड्रग्स निर्माण प्रयोगशाला का भंडाफोड़ किया है। कार्रवाई में 4.910 किलोग्राम मेफेड्रोन (MD) बरामद की गई है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 2 करोड़ रुपए बताई जा रही है। मौके से तीन युवकों को हिरासत में लिया गया है।

एनसीबी जोधपुर की टीम ने यह कार्रवाई 04 फरवरी 2026 को विशिष्ट खुफिया सूचनाओं के आधार पर की। यह ऑपरेशन एनसीबी राजस्थान के जोनल डायरेक्टर घनश्याम सोनी (आईआरएस) और एएनटीएफ राजस्थान के आईजी विकास कुमार (आईपीएस) के नेतृत्व में अंजाम दिया गया।
खारा गांव में चल रही थी अवैध प्रयोगशाला : संयुक्त टीम ने पुलिस थाना करडा क्षेत्र के कलबियो का गोलिया, खारा गांव में स्थित एक मकान पर छापा मारा, जहां अवैध रूप से मेफेड्रोन बनाने की फैक्ट्री संचालित की जा रही थी। तलाशी के दौरान तैयार MD के साथ-साथ भारी मात्रा में कच्चा माल और रसायन बरामद किए गए।

मौके से यह सामान जब्त :
- 4.910 किलोग्राम मेफेड्रोन (MD) 04 ड्रम अज्ञात रसायन,बोरोसिल कांच के जार (20 लीटर व 2 लीटर)
- चुंबकीय स्टरर (हॉट प्लेट सहित) वजन मशीन, थर्मामीटर, रबर पाइप
- अस्थायी रासायनिक प्रयोगशाला सेटअप
जांच में सामने आया है कि आरोपी करीब 50 किलोग्राम MD तैयार कर अवैध बाजार में सप्लाई करने की योजना बना रहे थे।

NDPS एक्ट में मामला दर्ज : इस संबंध में एनसीबी अपराध संख्या VIII(IO)02/NCB/JZU/2026 के तहत एनडीपीएस अधिनियम, 1985 की संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज किया गया है। हिरासत में लिए गए युवकों से पूछताछ जारी है और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश की जा रही है।

अधिकारियों की अपील : एएनटीएफ राजस्थान के आईजीपी विकास कुमार और एनसीबी राजस्थान के जोनल डायरेक्टर घनश्याम सोनी ने नागरिकों से नशे के खिलाफ अभियान में सहयोग करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि नशीले पदार्थों से जुड़ी किसी भी जानकारी को मानस हेल्पलाइन 1933 या एटीएस कंट्रोल रूम नंबर 0141-2601583 पर गोपनीय रूप से साझा किया जा सकता है। सूचना देने वालों की पहचान पूरी तरह सुरक्षित रखी जाएगी।
ये आरोपी गिरफ्तार : 1. पुखराज पुत्र किशनाराम जाति सारण विश्नोई उम्र 27 साल निवासी बलवानी नाड़ी खारा पुलिस थाना करड़ा जिला जालोर 2. आसुराम पुत्र भाखरा राम जाति सारण विश्नोई उम्र 40 साल निवासी कलबिया का गोलिया खारा पुलिस थाना करड़ा जिला जालोर 3. हनुमान राम पुत्र भाखरा राम जाति सारण विश्नोई उम्र 50 साल निवासी खारा पुलिस थाना करड़ा जिला जालोर


