चार साल से फरार था पेपर लीक का माफिया, सांचौर पुलिस की बड़ी कामयाबी, आईपीएस कांबले शरण गोपीनाथ के नेतृत्व में फिर किया कमाल-पेपर लीक के माफिया को दबोचा, जिससे पूछताछ में हो सकते हैं और भी बड़े खुलासे।
सांचौर (जालोर) ऑपरेशन ‘भौकाल’ के तहत जालोर जिले की चितलवाना पुलिस ने शुक्रवार रात एक बड़ी सफलता हासिल की। लंबे समय से फरार चल रहे ₹50 हजार के इनामी नकल माफिया को पुलिस ने सरहद कारोला से दबोच लिया। आरोपी गणपतलाल विश्नोई (उम्र 31), निवासी मालवाडा, थाना चितलवाना, जयपुर के सांगानेर थाने में दर्ज नकल प्रकरण में SOG को वांछित था।

पेपर लीक कांड से जुड़ा है आरोपी, शिक्षक- कांस्टेबल समेत कई भर्ती परीक्षाओं में करवाई नकल : सूत्रों की मानें तो गणपतलाल नकल गैंग का सक्रिय सदस्य रहा है, जिसने सांचौर क्षेत्र समेत कई जिलों में भर्ती परीक्षाओं में अभ्यर्थियों से पैसे लेकर नकल करवाई। शिक्षक भर्ती, कांस्टेबल परीक्षा जैसी कई महत्वपूर्ण परीक्षाओं में गड़बड़ी फैलाने में इसकी भूमिका रही है।

ऑपरेशन ‘भौकाल’ और ‘धरकरभर’ के तहत दबिश : जयपुर के सांगानेर थाने में दर्ज मुकदमा संख्या 540/2020 के तहत धारा 420 आईपीसी व राजस्थान सार्वजनिक परीक्षा अधिनियम की धाराएं 4 और 6 में वांछित इस आरोपी की गिरफ्तारी जोधपुर रेंज IG विकास कुमार के निर्देश और जिला पुलिस अधीक्षक ज्ञानचन्द्र यादव की मॉनिटरिंग में हुई। ADSP आवडदान रतनू व सांचौर वृताधिकारी IPS कांबले शरण गोपीनाथ के नेतृत्व में चितलवाना थानाधिकारी बलदेवराम ने टीम के साथ दबिश दी और आरोपी को धरदबोचा।

टीम में रहे ये अधिकारी व जवान : गिरफ्तारी में ASI मोहनराम, कांस्टेबल लक्ष्मण सिंह, राजू गुर्जर, ओमवीर व चालक रामकिशोर की भूमिका सराहनीय रही।

अब SOG करेगी आगे की पूछताछ : प्रारंभिक पूछताछ के बाद आरोपी को गहन अनुसंधान के लिए SOG टीम को सौंपने की प्रक्रिया चल रही है। माना जा रहा है कि पूछताछ में कई और नाम और परीक्षाओं में गड़बड़ी के खुलासे हो सकते हैं।


