भारी बारिश से जिले की नदियों में आया पानी, बांकली बांध ओवरफ्लो
जालोर जिले में पिछले चार दिनों से लगातार हो रही बारिश से सुकड़ी, खारी और जवाई नदियों में पानी का बहाव तेज हो गया है। इसी बीच मंगलवार शाम को जालोर के साथू गांव में सुकड़ी नदी में डूबने से दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक महिला को एनडीआरएफ टीम ने बचा लिया।

साथू गांव निवासी पसिया देवी (32), कटूआ देवी (30) और छोटाराम (34) नदी पार कर अपने खेत जा रहे थे। इसी दौरान पसिया देवी बजरी माफियाओं द्वारा खोदे गए गड्ढे में फंस गई। उसे बचाने के प्रयास में छोटाराम और कटूआ देवी भी बहाव में आ गए। सूचना मिलते ही पुलिस और एनडीआरएफ मौके पर पहुंची। कटूआ देवी को बचा लिया गया, जबकि पसिया देवी और छोटाराम की डूबने से मौत हो गई। दोनों के शव शाम करीब 6:30 बजे बरामद हुए।

जिले में जलभराव और रास्ते बंद: लगातार बारिश से जालोर का बांकली बांध ओवरफ्लो हो गया है। जवाई नदी के पानी से भैसवाड़ा डाइवर्जन मार्ग पर पानी भर गया, जिससे एक निजी बस फंस गई। इस कारण जालोर से आहोर व जोधपुर जाने वाले मार्ग को बंद कर वाहनों को डेढ़ किमी लंबा रास्ता तय कर भैसवाड़ा गांव से निकाला जा रहा है।

बारिश के आँकड़े: पिछले 24 घंटे में जिले में औसतन 8.1 मिमी बारिश दर्ज की गई। सबसे ज्यादा वर्षा भाद्राजून (35 मिमी) व जालोर (24 मिमी) में हुई। वहीं भीनमाल में सिर्फ 2 मिमी वर्षा दर्ज की गई। जवाई बांध का जलस्तर मंगलवार सुबह तक 49.95 फीट तक पहुंच गया है और पानी की आवक लगातार जारी होने से शाम को 50 फिट पार कर गया।

मौसम का अलर्ट: मौसम विभाग ने जिले में आज (26 अगस्त) के लिए ऑरेंज अलर्ट और 27-28 अगस्त के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। विशेषज्ञ भूपेन्द्र सिंह के अनुसार आगामी दिनों में भी तेज बारिश की संभावना बनी हुई है।



