रात में बनी सड़क सुबह उखड़ने लगी; विरोध के बाद भी मौके पर नहीं पहुंचे जिम्मेदार अधिकारी
सांचौर क्षेत्र के जाजुसन गांव में बन रही सड़क अब विवादों में घिर गई है। ग्रामीणों ने निर्माण कार्य में घटिया सामग्री के इस्तेमाल का आरोप लगाते हुए जोरदार विरोध प्रदर्शन किया और काम रुकवा दिया। बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्रित होकर ठेकेदार के खिलाफ नारेबाजी करते नजर आए।

ग्रामीणों के अनुसार ठेकेदार द्वारा रात के समय सड़क निर्माण किया जा रहा था, लेकिन सुबह जब लोगों ने सड़क की स्थिति देखी तो वह हाथ लगाते ही उखड़ने लगी। इससे निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल खड़े हो गए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि ठेकेदार उन्हें गुमराह कर रहा है और शिकायत के बावजूद जिम्मेदार अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचे।

गौरतलब है कि जाजुसन गांव पूर्व सांसद देवजी पटेल का पैतृक गांव है, ऐसे में यहां हो रहे निर्माण को लेकर लोगों की अपेक्षाएं अधिक हैं। सड़क निर्माण की घोषणा के समय कई जनप्रतिनिधियों ने इसका श्रेय लिया था, लेकिन अब गुणवत्ता पर सवाल उठने के बावजूद कोई भी जिम्मेदारी लेने सामने नहीं आ रहा।

ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि जब तक निर्माण कार्य में सुधार नहीं किया जाएगा, तब तक सड़क का काम शुरू नहीं होने दिया जाएगा। वहीं, अब देखना होगा कि प्रशासन इस मामले में क्या कार्रवाई करता है।



