भारतमाला एक्सप्रेस-वे पर मचा कोहराम-सूरत लौट रहे जसोल के एक ही परिवार की कार को रॉंग साइड से आई फॉर्च्यूनर ने मारी जोरदार टक्कर, तीन की मौके पर मौत, दो गंभीर-शादी समारोह से लौटते वक्त खुशियों का सफर मातम में बदला
सांचौर।भारतमाला एक्सप्रेस-वे 754 पर मंगलवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में जसोल (बाड़मेर) निवासी एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में जान गंवाने वाले लोग सूरत में रहते थे और कपड़ों के व्यवसाय से जुड़े थे। वे जसोल में पारिवारिक शादी समारोह में भाग लेकर लौट रहे थे।

मिली जानकारी के अनुसार, जसोल निवासी अरुण भाई (35), उनकी पत्नी वंदना (33), पुत्री धीयारा (4), पुत्र पहल और चचेरा भाई भरत किया सेल्टोस कार में सवार होकर सूरत जा रहे थे। इसी दौरान सांचौर के पास एक्सप्रेस-वे पर सामने से रॉंग साइड से आ रही एक फॉर्च्यूनर गाड़ी ने उनकी कार को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि किया कार के परखच्चे उड़ गए।

हादसे में अरुण भाई, उनकी पत्नी वंदना और चार वर्षीय पुत्री धीयारा की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि भरत और पहल गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें सांचौर के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं फॉर्च्यूनर में सवार दो युवक भी घायल बताए जा रहे हैं। सूचना मिलने पर सांचौर पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवाया। हादसे के बाद एक्सप्रेस-वे पर कुछ समय तक जाम की स्थिति बन गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

एक ही लेन से यातायात बना हादसे की वजह : प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे वाले स्थान पर एक्सप्रेस-वे का एक हिस्सा मरम्मत कार्य के कारण बंद है, जिसके चलते सांचौर से बालोतरा की ओर जाने वाला रास्ता एक ही लेन से संचालित किया जा रहा है। इसी दौरान मोड़ पर दोनों गाड़ियां आमने-सामने आ गईं और भीषण भिड़ंत हो गई।

खुशियों का सफर मातम में बदला : परिवार जसोल में रिश्तेदारी में शादी समारोह में शामिल होने के बाद सूरत लौट रहा था। लेकिन लौटते वक्त सड़क हादसे ने पूरे परिवार की खुशियां मातम में बदल दीं। गांव जसोल में हादसे की खबर लगते ही शोक की लहर दौड़ गई।


