दोनों भाई पढ़ रहे थे मम्मी-पापा के सपनों को साकार करने जयपुर में, अब छोटा भाई बेसुध…होश में आने पर बोलता है भाई, तुम मुझे बीच राह क्यों छोड़ गए…छोटे भाई की चीखों से कांपा हर किसी का दिल, CCTV में कैद हुई आखिरी सांसें, बजाज नगर में करंट लगा और सब कुछ खत्म हो गया, प्रशासन की लापरवाही या सिस्टम की हत्या??
जयपुर/सांचौर.राजधानी जयपुर के बजाज नगर थाना क्षेत्र में सोमवार शाम एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। सांचौर के राजीव नगर निवासी 23 वर्षीय विकास विश्नोई की करंट लगने से मौत हो गई। वह जयपुर में रहकर RAS की तैयारी कर रहा था। बारिश के दौरान सड़क पर जमा पानी में वह एक खुले करंट वाले स्ट्रीट लाइट पोल की चपेट में आ गया। देखते ही देखते होनहार युवक जिंदगी की जंग हार गया।

घटना उस समय हुई जब विकास अपने दोस्त के घर जा रहा था। पानी से भरी सड़क पर वह स्ट्रीट लाइट के पोल के संपर्क में आया और करंट लगते ही नीचे गिर पड़ा। पास में मौजूद लोगों ने उसे अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

अब छोटा भाई सदमे में है और बार-बार बस एक ही बात कह रहा है-“भाई, तुम मुझे बीच रास्ते में क्यों छोड़ गए… अब मैं किसके साथ रहूंगा?”
CCTV में कैद हुआ हादसा, एक कॉल ने खोला पहचान का राज: हादसे का पूरा वीडियो पास में लगे CCTV कैमरे में कैद हुआ है, जिसमें विकास को गिरते हुए देखा गया। हादसे के कुछ ही देर बाद उसके मोबाइल पर एक कॉल आया, जिसे राहगीर ने उठाया। फोन करने वाला बाड़मेर निवासी उदयराज सिंह था, जो विकास का दोस्त निकला। उसी ने परिजनों को सूचना दी और अस्पताल पहुंचा।

मम्मी-पापा का सपना था बेटों को अफसर बनते देखना, अब टूटा सहारा : विकास के मामा कैलाश विश्नोई व चाचा प्रकाश विश्नोई ने बताया कि विकास और उसका छोटा भाई दोनों जयपुर में रहकर पढ़ाई कर रहे थे। दोनों अविवाहित थे और परिवार में उनकी कोई बहन नहीं है। मां-पिता का सपना था कि दोनों बेटे पढ़-लिखकर अफसर बनें और घर का नाम रोशन करें। विकास ने हाल ही में B.Ed की पढ़ाई पूरी की थी और RAS की तैयारी में जुटा था।

परिजनों का प्रशासन पर आरोप-मौत के जिम्मेदार खुले पड़े बिजली के तार : परिजनों ने नगर निगम और बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि क्षेत्र में कई जगह खुले तार पड़े हैं। कई बार शिकायत के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हुई। मौके से करंट लगे खंभे के पास बिजली के तार भी मिले हैं, और विकास के पैर में करंट लगने के निशान स्पष्ट हैं।

पुलिस ने दर्ज किया मामला, जांच में जुटी टीम : बजाज नगर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और मौके की फोरेंसिक जांच भी कराई जा रही है। CCTV फुटेज, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और तकनीकी साक्ष्य के आधार पर विभागीय लापरवाही की जांच की जा रही है।



