10 प्लास्टिक कट्टों में भरा मिला मादक पदार्थ, बाजार कीमत करीब 30 लाख रुपए; 10 किलोमीटर तक पीछा, स्टॉप स्टिक से टायर फटा फिर भी नहीं रुका चालक
भीनमाल/जालौर। जिले के भीनमाल थाना क्षेत्र में एएनटीएफ (ANTF) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 194.270 किलोग्राम अवैध डोडा-चूरा बरामद किया है। कार्रवाई के दौरान तस्कर क्रेटा कार को खेतों में छोड़कर फरार हो गया। जब्त मादक पदार्थ की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 30 लाख रुपए आंकी जा रही है।

एटीएस एवं एएनटीएफ के महानिरीक्षक पुलिस विकास कुमार ने बताया कि अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस दिनेश एम.एन. के मार्गदर्शन में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में भीनमाल क्षेत्र से डोडा-चूरा की सप्लाई की सूचना मिलने पर टीम सक्रिय हुई।

ऐसे हुई पूरी कार्रवाई : सूचना के आधार पर एएनटीएफ टीम ने भीनमाल से पुनासा रोड पर नाकाबंदी की। इसी दौरान संदिग्ध क्रेटा कार भीनमाल की ओर से आती दिखाई दी। टीम ने वाहन रुकवाने का इशारा किया, लेकिन चालक ने गाड़ी की रफ्तार तेज कर दी।

टीम ने पीछा करते हुए जालौर पुलिस को सूचना दी। आगे नोहरा के पास पुलिस ने भी नाकाबंदी कर दी। एएनटीएफ ने स्टॉप स्टिक लगाकर कार के टायर फोड़ दिए, लेकिन तस्कर फटे टायरों पर ही वाहन दौड़ाता रहा। इस दौरान सामने से आ रहे पुलिस वाहन को टक्कर मारते हुए आरोपी कार को सड़क पर छोड़कर खेतों की ओर भाग निकला। करीब 10 किलोमीटर तक टीम ने खेतों में खड़ी फसल के बीच पीछा किया, लेकिन अंधेरे और फसलों का फायदा उठाकर आरोपी फरार हो गया।

10 कट्टों में भरा मिला डोडा-चूरा : तलाशी के दौरान कार से 10 प्लास्टिक कट्टों में भरा कुल 194.270 किलोग्राम डोडा-चूरा बरामद किया गया। साथ ही क्रेटा कार (नंबर RJ 14 HD 1365) को जब्त किया गया है। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर फरार आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।

टीम को किया जाएगा सम्मानित: आईजी विकास कुमार ने बताया कि इस कार्रवाई में शामिल एएनटीएफ मुख्यालय जयपुर, एएनटीएफ चौकी जालौर और भीनमाल थाना पुलिस की विशेष भूमिका रही। टीम को मुख्यालय स्तर पर सम्मानित किया जाएगा।

आमजन से अपील : पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि या मादक पदार्थों से जुड़ी सूचना एएनटीएफ कंट्रोल रूम नंबर 0141-2502877 या व्हाट्सएप नंबर 9001999070 पर दें। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।


