करीब 100 से अधिक टॉवरों पर वारदात, करीब एक करोड़ का माल बरामद, चोरी के नेटवर्क उपकरण कबाड़ी की दुकान से बरामद, खरीददार बंटी सहित कई आरोपी फरार, जालोर, सिरोही, पाली, जोधपुर समेत कई जिलों में गैंग ने दी थी चोरी की बड़ी वारदातों को अंजाम
जालोर.जिले की रामसीन पुलिस ने मोबाइल टॉवरों से करोड़ों रुपए कीमत के नेटवर्क उपकरण चोरी करने वाले बड़े गैंग का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने कार्रवाई कर अब तक पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनके कब्जे से 19 आरआरयू मशीनें, 08 बीटीएस, 07 आरटीएन, 01 पीडीयू, 01 पीएफयू, 10 मग्स कार्ड, 08 आईएसवी-3 और करीब 150 किलो तार सहित कबाड़ी का माल बरामद किया गया। बरामदगी की कुल कीमत करीब एक करोड़ रुपए आंकी गई है। पुलिस ने चोरी की वारदातों में इस्तेमाल की गई दो स्विफ्ट कारें (RJ-19 CF-9349 और RJ-19 CL-6164) भी जब्त की हैं।

गैंग का खुलासा ऐसे हुआ : रामसीन थाना क्षेत्र में दर्ज प्रकरण में शिकायत दर्ज होने के बाद पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू की। पुलिस ने संदिग्धों को दस्तयाब कर पूछताछ की तो खुलासा हुआ कि आरोपी पहले टॉवर कंपनी में काम कर चुके थे। उन्हें उपकरणों की कीमत और तकनीकी जानकारी थी, जिसे भुनाकर उन्होंने चोरी को धंधा बना लिया। मोबाइल से टॉवर लोकेशन ट्रेस कर यह गैंग रात में वारदात करता और 50 मीटर ऊंचाई पर लगे उपकरणों को कंपनी तक सूचना पहुंचने से पहले ही उखाड़कर फरार हो जाता था।

कई जिलों में दी थी वारदातों को अंजाम : आरोपियों ने पूछताछ में कबूल किया कि उन्होंने जालोर, सिरोही, पाली, जोधपुर, बाड़मेर, नागौर, उदयपुर और अजमेर जिलों में करीब 90 से 100 वारदातों को अंजाम दिया। सिर्फ जालोर जिले में ही अलग-अलग थाना क्षेत्रों में 34 चोरी की घटनाएं हुईं।

कबाड़ी के यहां मिला चोरी का माल : पुलिस जांच में सामने आया कि चोरी का नेटवर्क उपकरण पाली जिले के रूपरजत नगर स्थित कबाड़ी की दुकान पर बेचा गया था। कबाड़ी बंटी पुत्र भीमाराम खटीक और उसका पिता भीमाराम इसमें शामिल पाए गए। उनकी निशानदेही पर करीब एक करोड़ का माल बरामद किया गया। हालांकि बंटी और अन्य सहयोगी फिलहाल फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है।

गिरफ्तार आरोपी : गिरफ्तार आरोपियों में राकेश पंवार पुत्र रामनिवास माली (26), निवासी खवासपुर, जिला जोधपुर ग्रामीण, चिमनाराम पुत्र अलपुराम माली (22), निवासी खवासपुर, जिला जोधपुर ग्रामीण, महिपाल पुत्र किशनाराम माली (26), निवासी कौसाणा, जिला जोधपुर ग्रामीण, सुरेश पुत्र ओमाराम माली (25), निवासी कौसाणा, जिला जोधपुर ग्रामीण, भीमाराम पुत्र चन्द्राराम खटीक (70), निवासी पंवार सांक गली, सोसायटी नगर, पाली को गिरफ्तार किया गया है। सुरेश माली के खिलाफ पूर्व में आपराधिक रिकॉर्ड भी दर्ज है।

पुलिस की कार्रवाई टीम इस बड़ी कार्रवाई का नेतृत्व : थानाधिकारी तेजुसिंह उ.नि. ने किया। टीम में पुलिस लाइन जालोर, रामसीन, बागरा, जसवंतपुरा समेत विभिन्न थानों के 25 से अधिक पुलिसकर्मी शामिल थे। जिला पुलिस अधीक्षक शैलेन्द्रसिंह इन्दोलिया ने बताया कि फरार आरोपियों और चोरी के बाकी माल की बरामदगी के प्रयास जारी हैं।


