सांचौर। उपखण्ड क्षेत्र के दाता ग्राम पंचायत के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में रविवार को 69वीं जिला स्तरीय बैडमिंटन खेलकूद प्रतियोगिता का शुभारंभ हुआ। उद्घाटन समारोह का आगाज स्कूली छात्राओं की रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ हुआ, जिसने पूरे माहौल को उत्साहपूर्ण बना दिया।

मुख्य अतिथि पूर्व विधायक नारायण सिंह देवल ने अन्य अतिथियों के साथ खेल ध्वज फहराकर और खिलाड़ियों को शपथ दिलाकर प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। इस मौके पर एडीपीसी समग्र शिक्षा जालोर मनोहरलाल गोदारा, सीबीईओ भवरलाल विश्नोई, प्रतियोगिता सचिव रामनिवास विश्नोई, सरपंच प्रतिनिधि अमलूराम माजूं, भाजपा नेता मोतीराम चौधरी, पूर्व सरपंच ईश्वरलाल मांझू और प्रतियोगिता संयोजक दीपाशंकर शर्मा सहित कई गणमान्य लोग मंचासीन रहे।

मुख्य अतिथियों ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया और कहा कि खेल अनुशासन, स्वास्थ्य और जीवन में संघर्ष की भावना विकसित करते हैं। एडीपीसी गोदारा ने अपने संबोधन में कहा कि खेलों से नेतृत्व क्षमता और टीम भावना का भी विकास होता है।
प्रतियोगिता संयोजक शर्मा ने बताया कि बालक वर्ग में 31 टीम और बालिका वर्ग में 18 टीम भाग ले रही हैं। कुल 196 खिलाड़ी चार दिनों तक अपने खेल कौशल का प्रदर्शन करेंगे। उद्घाटन मुकाबला शैमफोर्ड फ्यूचर स्कूल जालोर और भोड़ो की ढाणी धानोल के बीच खेला गया, जिसमें शैमफोर्ड फ्यूचर स्कूल जालोर ने जीत दर्ज की।
संस्था प्रधान ने बताया कि प्रतियोगिता में सभी प्रतिभागियों और मेहमानों के लिए भोजन एवं जलपान की व्यवस्था दाता ग्रामवासियों के सहयोग से की गई है।


