सांचौर। गोलासन गांव स्थित हनुमान मंदिर में हुई चोरी की वारदात का गुजरात पुलिस ने खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए चांदी के मुकुट, छत्र सहित 9.65 लाख रुपए का माल बरामद किया गया है। मामले में एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है।

जानकारी के अनुसार 9 जून की रात गोलासन स्थित हनुमान मंदिर में चोरी की वारदात हुई थी। घटना के बाद सांचौर थाने में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। इसी बीच गुजरात के बनासकांठा जिले के आगथला थाना पुलिस को गश्त के दौरान सूचना मिली कि कमोडा गांव का एक युवक चोरी का सामान बेचने की फिराक में है।
सूचना के आधार पर पुलिस ने कमोडा-डेका मार्ग पर नाकाबंदी कर एक पल्सर मोटरसाइकिल को रुकवाया। बाइक पर सवार भावेश गेमराज ठाकोर निवासी कमोडा और जीवणजी प्रवीणजी ठाकोर निवासी लालपुर को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। तलाशी के दौरान उनके पास से प्लास्टिक के कट्टे में रखे चांदी के मुकुट और छोटे-बड़े चांदी के छत्र बरामद हुए।
पूछताछ में दोनों आरोपियों ने स्वीकार किया कि उन्होंने अपने एक अन्य साथी के साथ मिलकर गोलासन के हनुमान मंदिर में चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस ने सांचौर थाने से संपर्क कर जानकारी जुटाई तो सामने आया कि इस संबंध में भारतीय न्याय संहिता की धाराओं 331(4) एवं 305(ए) के तहत प्रकरण दर्ज है।
पुलिस ने बरामद सामान का मूल्यांकन कराया, जिसमें 3.904 किलोग्राम वजनी चांदी के मुकुट और छत्रों की कीमत 9 लाख 5 हजार 728 रुपए आंकी गई। इसके अलावा आरोपियों के कब्जे से एक मोटरसाइकिल और एक मोबाइल फोन भी जब्त किया गया। बरामद कुल माल की कीमत 9 लाख 65 हजार 728 रुपए बताई गई है।
आगथला थाना पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है तथा मामले की सूचना सांचौर पुलिस को भेज दी है। पुलिस अब चोरी की वारदात में शामिल तीसरे आरोपी की तलाश में जुटी हुई है।


