जालोर के सांगाणा हल्के में कार्रवाई, सत्यापन के दौरान पहले भी ले चुका था 2 हजार रुपए; ठिकानों पर तलाशी जारी
जालोर। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने बुधवार को जालोर जिले में बड़ी कार्रवाई करते हुए सायला तहसील की एलआर शाखा में कार्यरत तथा अतिरिक्त चार्ज पटवार हल्का सांगाणा संभाल रहे पटवारी बंटी मीना को 4 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। आरोपी पटवारी पर एक किसान से कृषि भूमि का म्यूटेशन भरने के बदले 10 हजार रुपए रिश्वत मांगने का आरोप है।
एसीबी के अनुसार जयपुर मुख्यालय की हेल्पलाइन 1064 पर शिकायत प्राप्त हुई थी कि पटवारी बंटी मीना म्यूटेशन दर्ज करने की प्रक्रिया पूरी करने के लिए परिवादी को लगातार परेशान कर रहा है और काम के एवज में रिश्वत की मांग कर रहा है।

शिकायत मिलने के बाद एसीबी ने मामले का सत्यापन कराया, जिसमें रिश्वत मांगने की पुष्टि हुई।
जोधपुर रेंज के उपमहानिरीक्षक नारायण टोगस के सुपरविजन में एसीबी जालोर चौकी की टीम ने अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मांगीलाल राठौड़ के नेतृत्व में ट्रैप कार्रवाई की। कार्रवाई के दौरान आरोपी पटवारी को परिवादी से 4 हजार रुपए रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया गया।
एसीबी अधिकारियों ने बताया कि मांग सत्यापन के दौरान आरोपी पटवारी पहले ही 2 हजार रुपए रिश्वत के रूप में प्राप्त कर चुका था। इसके बाद शेष राशि लेने के दौरान उसे ट्रैप कर गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तारी के बाद आरोपी से पूछताछ की जा रही है। साथ ही उसके संभावित ठिकानों पर तलाशी अभियान भी जारी है। एसीबी ने भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है और पूरे प्रकरण की विस्तृत जांच शुरू कर दी है।

प्रदेश में भ्रष्टाचार के खिलाफ एसीबी की लगातार कार्रवाई के बीच जालोर में हुई यह कार्रवाई राजस्व विभाग में व्याप्त भ्रष्टाचार पर एक बड़ा प्रहार मानी जा रही है। किसानों और आम लोगों से जुड़े कार्यों में रिश्वतखोरी की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए एसीबी लगातार निगरानी बनाए हुए है।


