जालोर.मानवता को झकझोर देने वाली घटना शहर के लाल पोल इलाके से सामने आई है। रविवार शाम करीब साढ़े चार बजे एक मकान की छत पर गुलाबी चुनरी में लिपटी नवजात बच्ची मिली। हैरानी की बात यह कि बच्ची का जन्म महज आधा घंटा पहले ही हुआ था।

मकान मालिक जावेद खान के बेटे समीर जब छत पर सूख रहे कपड़े लेने गया, तो उसने बाउंड्रीवाल के कोने में चुनरी में लिपटी एक नवजात को देखा। समीर ने बताया कि बच्ची दीवार से गिरने ही वाली थी, तभी उसने उसे पकड़ लिया और गोद में उठा लिया। तुरंत परिवार ने पुलिस को सूचना दी।

पुलिस ने पहुंचकर दिखाई तत्परता : सूचना मिलते ही एएसआई सगुणा, कॉन्स्टेबल सुनीता और सुरेंद्र सिंह मौके पर पहुंचे। घर से बिस्तर मंगवाकर बच्ची को सुरक्षित लपेटा और पुलिस वाहन से महिला अस्पताल पहुंचाया। बाद में उसे शिशु एवं स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती करवाया गया।

डॉक्टर बोले ; आधा घंटा पहले हुआ जन्म, वजन करीब 3 किलो : शिशु विशेषज्ञ डॉ. मुकेश चौधरी ने बताया कि मासूम का जन्म लगभग 30 मिनट पहले हुआ है। वजन करीब 3 किलो है और फिलहाल बच्ची की हालत सामान्य है। सभी जरूरी जांचें की जा रही हैं। जांच पूरी होने के बाद बच्ची को बाल कल्याण समिति को सौंपा जाएगा।

जांच में जुटी पुलिस : पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मकान मालिक जावेद खान ने कहा कि “समझ नहीं आ रहा किसने इतनी मासूम को इस हाल में छोड़ दिया। हमने पुलिस से मामले की सच्चाई जल्द उजागर करने की मांग की है।”



