भीनमाल.शहर पुलिस ने मंदिर में चोरी के मामले में सफलता हासिल करते हुए एक नकबजन को गिरफ्तार किया। आरोपी ने कस्बे के अन्य मंदिरों और मस्जिदों में भी चोरी करना कबूल किया है। 24 दिसंबर 2024 को भीनमाल के एक मंदिर से दानपात्र चोरी हो गया था। घटना के बाद प्रार्थी दिनेश कुमार ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। सीसीटीवी फुटेज में दो व्यक्ति दानपात्र ले जाते हुए दिखे। पुलिस ने 4 जनवरी 2025 को प्रकरण संख्या 03/2025 दर्ज कर जांच शुरू की।
पुलिस के अनुसार ज्ञानचंद्र यादव (पुलिस अधीक्षक, जालोर) के निर्देश पर चलाए गए अभियान के तहत, मोटाराम (अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक) और अन्नराजसिंह राजपुरोहित (वृत्ताधिकारी) के सुपरविजन में भीनमाल थाना अधिकारी रामेश्वर भाटी के नेतृत्व में टीम गठित की गई। मुखबिर और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर 6 जनवरी 2025 को आरोपी दलपत भारती (22 वर्ष) को तलबी रोड, भीनमाल से गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में आरोपी ने भीनमाल और आसपास के अन्य मंदिरों और मस्जिदों में चोरी की घटनाओं को स्वीकार किया। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर अन्य घटनाओं की जानकारी जुटा रही है।