– सांचौर पुलिस की बड़ी कार्रवाई
सांचौर। जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सांचौर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने डेडवा गांव में दबिश देकर 72.184 किलो डोडा पोस्त जब्त किया। मौके से महिला तस्कर बाली देवी (49) निवासी डेडवा को गिरफ्तार किया गया, जबकि डोडा सप्लायर और मुलजिमा के दामाद राकेश कुमार निवासी पीपलिया नाड़ी करड़ा फरार है।

जिला पुलिस अधीक्षक शैलेन्द्र सिंह इन्दोलिया के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आवडदान रतनू और वृताधिकारी जयराम मुण्डेल के सुपरविजन में थानाधिकारी नेमाराम के नेतृत्व में टीम ने कार्रवाई की। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने 1 दिसंबर को बाली देवी के घर से भारी मात्रा में मादक पदार्थ बरामद किया।

पूछताछ में मुलजिमा ने बताया कि जब्त डोडा पोस्त उसका दामाद राकेश कुमार लेकर आया था। इस पर दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज किया गया। पुलिस के अनुसार राकेश कुमार कोतवाली निम्बाहेड़ा, जिला चित्तौड़गढ़ में भी वांछित है।

कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम : नेमाराम निरीक्षक थानाधिकारी, जादाराम हैडकांस्टेबल 240, मोहनलाल हैडकांस्टेबल 245, गोगाराम कांस्टेबल 132, हरीसिंह कांस्टेबल 20, रूकमणी महिला कांस्टेबल 1042, शिवकरण चालक कांस्टेबल 57।


