मदद के बहाने आया, दरिंदा बनकर लौट गया-महिला ने सुनाई पूरी सच्चाई, चुनरी से मुंह बांधकर की वारदात, अब आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस, ‘फोटो वायरल कर दुंगा-डर और दहशत में जहर खाने को मजबूर हुई महिला
सांचौर (जालौर)। क्षेत्र के एक गांव में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। ट्रक चालक की पत्नी के साथ गांव के ही युवक ने खेत में मेड बनाने के बहाने पहले नजदीकी बढ़ाई और फिर घर में अकेली पाकर जबरन दुष्कर्म किया। मामले की शिकायत महिला ने सांचौर थाने में दर्ज करवाई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ बलात्कार और ब्लैकमेलिंग की धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पीड़िता के मुताबिक, दो महीने पहले उसका पति ट्रक लेकर बाहर गया हुआ था। उसी दौरान गांव के युवक ने JCB मशीन से खेत की मेड ठीक कराने के बहाने महिला से संपर्क किया। महिला का आरोप है कि आरोपी ने उसे अकेली पाकर उसके साथ जबरदस्ती की और अश्लील फोटो खींच लिए। बदनामी के डर से महिला ने पहले यह बात छुपा ली।

इसके बाद आरोपी लगातार कॉल कर धमकाने लगा कि अगर बात किसी को बताई तो फोटो वायरल कर देगा। महिला द्वारा कॉल करने से इनकार करने पर आरोपी ने उसे फिर डराया और धमकाया।

पीड़िता का आरोप है कि 26 जुलाई को जब वह घर पर अकेली थी, आरोपी फिर से घर में घुस आया और उसके साथ दोबारा जबरदस्ती की। महिला के शोर मचाने पर आरोपी ने उसके मुंह पर चुनरी बांध दी और वारदात को अंजाम देने के बाद भाग गया।

घटना से आहत महिला ने उसी दिन जहर खा लिया। परिजनों ने समय रहते अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज सांचौर के एक निजी अस्पताल में चला। अस्पताल में भर्ती रहने के दौरान वह आरोपी के डर से सही बयान नहीं दे पाई। लेकिन छुट्टी मिलने के बाद 29 जुलाई को उसने महिला डेस्क पर अपनी आपबीती बताई।

पुलिस ने महिला की रिपोर्ट पर BNS की धारा 64(2)(m) के तहत मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। थानाधिकारी देवेंद्र सिंह ने बताया कि मामला गंभीर है, आरोपी को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।

सांचौर थानाधिकारी देवेंद्र सिंह ने बताया: “मामला अत्यंत गंभीर प्रकृति का है। पीड़िता की ओर से दर्ज शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की सुसंगत धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है। पीड़िता का मेडिकल परीक्षण करवाया जा चुका है और उससे विस्तृत बयान लिया गया है। घटना की समग्रता से जांच की जा रही है। आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास तेज़ कर दिए गए हैं। अनुसंधान जारी है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जाएगी। पीड़िता को हरसंभव सुरक्षा और न्याय दिलाना हमारी प्राथमिकता है।”


