Sanchore News : प्रदेश के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा आज सांचौर के दौरे पर रहे। हेलीकॉप्टर से पहुंचे मुख्यमंत्री का हेलीपैड पर भाजपा नेताओं और स्थानीय लोगों ने गर्मजोशी से स्वागत किया। स्वागत करने वालों में भाजपा नेता दानाराम चौधरी, मोतीराम चौधरी, भगवानराम माली सहित कई प्रमुख लोग शामिल थे। मुख्यमंत्री शर्मा ने भादरुणा पहुंचकर सांचौर के विधायक जीवाराम चौधरी के घर जाकर उनकी माताजी के निधन पर गहरी संवेदना प्रकट की।

उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए परिवार के सदस्यों को ढांढ़स बंधाया। इस दौरान मुख्यमंत्री के साथ जालोर-सिरोही के सांसद लूबांराम चौधरी भी उपस्थित रहे। वहीं भाजपा के कई स्थानीय कार्यकर्ताओं और पार्टी पदाधिकारियों ने भी मुख्यमंत्री के दौरे में हिस्सा लिया और विधायक जीवाराम चौधरी के परिवार को सांत्वना दी।

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा सांचोर पहुँचने से पहले बागोड़ा के नरसाणा में दुदेश्वर महादेव मंदिर में आयोजित प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव में भाग लिया। जिसके बाद में वे निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सांचोर के भादरुणा गांव पहुंचे। यहां पर श्रद्धांजलि अर्पित करने के बाद में हेलीकॉप्टर से जोधपुर के लिए रवाना हुए।

मुख्यमंत्री के सामने लोग बोले; सांचोर जिला वापस दो : मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा भादरुणा पहुँचने के बाद में हेलीपैड स्थल से विधायक जीवाराम चौधरी के घर तक पैदल पहुंचे। जिसके बाद में वापस लौटते हुए मुख्यमंत्री गाड़ी से हेलीपेड तक पहुंचे। इसी बीच लोगों ने सांचोर जिले को वापस देने के नारे लगाएं। लेकिन मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा बिना कुछ कहे ही वहां से हाथ हिलाते हुए हेलीकॉप्टर में बैठ गए। आपको बता दें कि स्थानीय पुलिस प्रशासन को जिले को लेकर कुछ आशंका थी। ऐसे में भारी पुलिस जाब्ता भी तैनात किया गया। साथ ही मीडिया को भी दूर रखा गया ताकि जिले को लेकर कोई सवाल नहीं कर सके।
