“भजनलाल सरकार में तस्करों की खैर नहीं-सांचौर के शराब माफिया हनुमानगढ़ में धरे गए, एसपी हरिशंकर की निगरानी ने फिर कसा शिकंजा”
राजस्थान में सीमावर्ती जिलों में (पहले सांचौर अब हनुमानगढ़) तैनात एसपी हरिशंकर एक बार फिर अपनी तेज सूझबूझ और सटीक इनपुट्स के चलते चर्चा में हैं। हनुमानगढ़ जिले में पदस्थापित एसपी हरिशंकर की पहचान उन अफसरों में होती है जो सीमावर्ती इलाकों में अपराध की नस पकड़ने में माहिर माने जाते हैं। पहले वे गुजरात सीमा पर सक्रिय तस्करों को धर दबोचते थे, अब पंजाब से राजस्थान में घुसते वक्त ही तस्करों को जाल में फंसा रहे हैं। ताजा कार्रवाई में सांचौर के दो कुख्यात शराब तस्कर उनकी टीम के हत्थे चढ़े हैं।

हनुमानगढ़ पुलिस ने अंतरराज्यीय शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए पंजाब निर्मित विभिन्न ब्रांड की 432 बोतल अंग्रेजी शराब सहित डिजायर कार में सवार दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। जब्त शराब और वाहन की कुल अनुमानित कीमत करीब 15 लाख रुपये बताई जा रही है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सांचौर निवासी भंवरलाल पुत्र किसनाराम विश्नोई (27) और नरेश कुमार पुत्र खेमाराम विश्नोई (28) के रूप में हुई है। दोनों आरोपी जालोर जिले के रहने वाले हैं और लंबे समय से शराब तस्करी के धंधे में सक्रिय बताए जाते हैं। एसपी हरिशंकर के नेतृत्व में हनुमानगढ़ पुलिस की टीम ने बीते तीन दिनों में कुल तीन प्रकरणों में 171 पेटी अंग्रेजी शराब/बियर, चार लक्जरी वाहन जब्त किए हैं और कुल आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें एक नाबालिग भी शामिल है।

एसपी हरिशंकर का कहना है कि सीमावर्ती जिलों में होने वाली इस तरह की गतिविधियों पर नियंत्रण के लिए खुफिया इनपुट्स, निगरानी और सघन जांच अभियान चलाए जा रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रदेश की भजनलाल सरकार में तस्करों के लिए कोई जगह नहीं है।


