बेटी की शादी तोड़ने के दबाव को लेकर विवाद; घर में घुसकर मारपीट का आरोप, CCTV फुटेज सामने आई
जालौर जिले के रानीवाड़ा थाना क्षेत्र के मैत्रीवाड़ा गांव में पारिवारिक विवाद के चलते एक महिला के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। पीड़िता कालीदेवी (40) पत्नी वगताराम ने पुलिस में रिपोर्ट दर्ज करवाई है कि उसके देवर रमेश कुमार और ससुर सोमाराम कलबी उसकी बेटी भावना की शादी तुड़वाने का दबाव बना रहे थे।

विरोध करने पर 22 अप्रैल की सुबह करीब 9:30 बजे दोनों आरोपियों ने कथित रूप से घर में घुसकर लाठी-डंडों और पत्थरों से हमला कर दिया।

रिपोर्ट के अनुसार, घटना के दौरान महिला के साथ दुर्व्यवहार किया गया और उसे चोटें आईं। शोर सुनकर परिवार के सदस्य और पड़ोसी मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव कर महिला को छुड़ाया। घटना घर में लगे CCTV कैमरे में कैद होने की बात भी सामने आई है।

घटना के चार दिन बाद 26 अप्रैल को पीड़िता ने रानीवाड़ा थाने में रिपोर्ट दी, जिस पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, प्रकरण में संबंधित धाराओं के तहत आगे की कार्रवाई की जा रही है।


