सांचौर। जोधपुर रेंज के महानिरीक्षक विकास कुमार द्वारा सम्पत्ति संबंधी अपराधों की रोकथाम हेतु चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन खुलासा” के तहत जालोर जिले की सांचौर पुलिस ने बड़ी सफलता अर्जित की है। जिला पुलिस अधीक्षक ज्ञानचंद यादव के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आवड़दान रतनू एवं सहायक पुलिस अधीक्षक वृताधिकारी वृत सांचौर कांबले शरण गोपीनाथ आईपीएस के सुपरविजन में गठित टीमों ने सांचौर, चितलवाना और झाब थाना क्षेत्र में हुई 5 प्रमुख चोरी/नकबजनी की वारदातों का खुलासा करते हुए करीब 2 करोड़ रुपये मूल्य के माल की बरामदगी की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
टीमों ने गुप्त सूचना, तकनीकी विश्लेषण और मुखबिर तंत्र के सहारे मुख्य सरगना भरत पुरोहित सहित 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अभियुक्तों ने पांच प्रमुख चोरी की वारदातों को अंजाम देना स्वीकार किया है, और उनसे पूछताछ जारी है।
पुलिस की कार्यवाही का क्रमबद्ध विवरण:
पहली वारदात : प्रार्थी बाबूलाल विश्नोई द्वारा रिपोर्ट दी गई कि दिनांक 02 जुलाई की रात को सांचौर निवासी मांगीलाल जैन के घर में ताले तोड़कर चांदी के बर्तन, ₹70,000 नकद, CCTV DVR सहित अन्य सामान चोरी किया गया।
अनुसंधान में सफलता: घटनास्थल से मिले एक कटर मशीन के कवर व बिल के आधार पर आरोपी भरत कुमार तक पुलिस पहुंची और उसे गुजरात, महाराष्ट्र व राजस्थान से ट्रैक कर डिटेन किया गया। जिसके बाद में आरोपी ने पूछताछ में वारदात स्वीकार की।
द्वितीय वारदात : आमली निवासी दिनेश कुमार पुरोहित के घर से 20 तोला सोना व 5.5 किलो चांदी चोरी की गई।
तृतीय वारदात : सिद्धेश्वर निवासी पोपटलाल पुरोहित के घर से 5 बिस्किट चांदी (500 ग्राम), ₹30,000 नकद, सोने की चेन, अंगूठी आदि चोरी की गई।
चतुर्थ वारदात : हिण्डवाडा में तीन मकानों से कुल 301 ग्राम सोना, 7.4 किलो चांदी, ₹3.59 लाख नकद व 1100 अमेरिकी डॉलर चोरी किए गए। इनमें से एक मकान अमेरिका निवासी माधाराम का भी शामिल।
पांचवीं वारदात : झाब निवासी महेन्द्र सिंह के घर से सोना, चांदी सहित ₹3,20,000 नकद सहित लाखों का सामान चोरी।
गिरफ्तार आरोपी:
- भरत कुमार पुत्र बाबुलाल, जाति पुरोहित, उम्र 25 वर्ष, निवासी खिरोडी, थाना झाब
- प्रकाश पुत्र राजाराम, जाति चौधरी, उम्र 32 वर्ष, निवासी भादरूणा, हाल नेहरू कॉलोनी, सांचौर
- घीसुपालसिंह पुत्र छैलसिंह, जाति राजपूत, उम्र 23 वर्ष, निवासी डभाल, थाना सांचौर
- विनोद पुत्र कांतिलाल, जाति सोनी, उम्र 36 वर्ष, निवासी बेहलिमों का वास, सांचौर
- राहुल राज पुरोहित पुत्र मुकेश, जाति राजपुरोहित, उम्र 23 वर्ष, निवासी बिटी, थाना किशनगढ़, अजमेर
- उतम कुमार पुत्र पुनमाराम, जाति मेघवाल, उम्र 22 वर्ष, निवासी सिद्धेश्वर, थाना सांचौर
- दशरथ कुमार पुरोहित पुत्र देवाराम, जाति पुरोहित, उम्र 30 वर्ष, निवासी आमली, थाना सांचौर
तरीका-ए-वारदात: गिरोह के सदस्य स्थानीय क्षेत्र में दिन के समय रैकी करते, फिर रात में सुनसान मकानों को निशाना बनाते थे। वे संगठित रूप से होटल-ढाबों पर योजना बनाकर, घरों के ताले तोड़कर वारदात को अंजाम देते थे।
संगठित अपराध में भी होगी कार्रवाई:
चूंकि उपरोक्त वारदातों में संगठित गिरोह द्वारा अपराध किया गया है, इसलिए इनके विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS-2023) की धारा 111 (संगठित अपराध) भी जोड़ी जा रही है।
पुलिस अधीक्षक जालोर ने इस पूरे अभियान की सराहना करते हुए पुलिस टीम को बधाई दी है। उन्होंने बताया कि पूछताछ में और भी वारदातों के खुलासे की संभावना है तथा बरामदगी की प्रक्रिया और तेजी से चल रही है।


