सांचौर पुलिस की बड़ी कार्रवाई 5-5 हजार के दो इनामी आरोपी गिरफ्तार, 3 साल से फरार बदमाश को भी दबोचा
सांचौर. जालौर जिले में वांछित अपराधियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत सांचौर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने पांच-पांच हजार रुपये के दो इनामी आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें से एक आरोपी आबकारी एक्ट के मामले में पिछले तीन वर्षों से फरार चल रहा था।

जिला पुलिस अधीक्षक जालोर के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सांचौर के सुपरविजन में तथा वृत्ताधिकारी सांचौर के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई। थानाधिकारी नेमाराम के नेतृत्व में गठित अलग-अलग पुलिस टीमों ने सूचना के आधार पर आरोपियों को दबोचा।

गिरफ्तार आरोपियों में दिनेश कुमार पुत्र मालाराम, जाति विश्नोई, निवासी सरनाऊ, थाना सांचौर वही दूसरा घम्माराम पुत्र अलाराम, जाति रेबारी, निवासी मेड़ा जागीर, थाना सांचौर शामिल हैं। आरोपी घम्माराम आबकारी एक्ट के प्रकरण में लंबे समय से फरार चल रहा था। दोनों आरोपियों पर पूर्व में 5-5 हजार रुपये का इनाम घोषित था।

पुलिस के अनुसार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है तथा अन्य मामलों में संलिप्तता की भी जांच की जा रही है। कार्रवाई में सांचौर थाने की अलग-अलग टीमों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।


