जालोर. जालोर-बागरा तक 18 किलोमीटर दायरे में रुका हुआ फोरलेन प्रोजेक्ट अब फिर से रफ्तार पकड़ेगा। करीब चार महीने से अटके पड़े इस प्रोजेक्ट का काम नवंबर माह के अंत तक पूरा कर लिया जाएगा। विभागीय अधिकारियों के अनुसार डामरीकरण का काम जल्द शुरू होगा, जबकि डिवाइडर निर्माण दिसंबर माह तक पूरा करने का लक्ष्य है।
बारिश और एनओसी के कारण अटका था काम : इस फोरलेन मार्ग का फाउंडेशन वर्क पहले ही पूरा कर लिया गया था, लेकिन जून से सितंबर तक चली बारिश के कारण डामरीकरण नहीं हो पाया। जगह-जगह पानी भरने और मिट्टी में नमी रहने से मशीनरी नहीं चल पाई। दीपावली के दौरान मजदूरों की कमी से भी काम में देरी हुई। अब विभाग ने तय किया है कि अगले सप्ताह से निर्माण कार्य को गति दी जाएगी।
बिजली लाइन शिफ्टिंग और डिवाइडर निर्माण भी इसी अवधि में : रोड के कुछ हिस्सों पर बिजली लाइन शिफ्टिंग का कार्य भी बाकी है, जिसे नवंबर के अंत तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। डामरीकरण के बाद बीच के हिस्से में 3.5 फीट चौड़ा डिवाइडर बनाया जाएगा। दिसंबर माह तक दोनों कार्यों को पूरा करने की तैयारी है।
53.22 करोड़ की स्वीकृति, 70% काम पूरा : पिछली कांग्रेस सरकार में तत्कालीन मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने इस सड़क के चौड़ीकरण के लिए 53.22 करोड़ रुपए की स्वीकृति दी थी। यह स्वीकृति तत्कालीन जन अभाव अभियोग समिति के अध्यक्ष पुखराज पाराशर की सिफारिश पर जारी हुई थी। अब तक करीब 70 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है।
बीओटी एजेंसी और वन विभाग से एनओसी में अटका रहा प्रोजेक्ट : यह रोड पहले बीओटी योजना में बनी थी, जिस कारण टोल एजेंसी ने विरोध जताया था। लंबी प्रक्रिया के बाद एनओसी जारी हुई तो काम फिर शुरू हुआ। इसी दौरान वन विभाग की ओर से 700 पेड़ों की कटाई के लिए एनओसी अटकी रही। अब सभी आवश्यक मंजूरियां मिलने के बाद काम को फिर से गति दी जा रही है।
ग्रेनाइट उद्योगों को बड़ी राहत : इस मार्ग पर औद्योगिक क्षेत्र तृतीय चरण की करीब 1500 ग्रेनाइट इकाइयां स्थित हैं। यह रोड जालोर को सिरोही, उदयपुर, भीनमाल, रानीवाड़ा, सांचौर सहित गुजरात राज्य से जोड़ती है। भारी ट्रैफिक लोड के चलते इस मार्ग का चौड़ीकरण बेहद जरूरी माना जा रहा था।
क्या बोले अधिकारी : जालोर-बागरा फोरलेन प्रोजेक्ट के बकाया काम को तेजी से पूरा करवाया जाएगा। पहले डामरीकरण और उसके बाद डिवाइडर का कार्य किया जाएगा। दिसंबर अंत तक दोनों काम पूरे करने का लक्ष्य है।— शंकरलाल सुथार, एक्सईएन, पीडब्ल्यूडी, जालोर
राजस्थान-गुजरात को जोड़ने वाला फोरलेन रोड प्रोजेक्ट फिर पकड़ेगा रफ्तार, नवंबर के अंत तक पूरा होगा काम
पुखराज पिछले 8 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय है. इन्होने प्रतिष्ठित अखबार दैनिक भास्कर से अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत की. अब तक टाइम्स नाऊ, सच बेधड़क समेत कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में सेवा दे चुके है. फिलहाल मीडिया हाउस सांचौर में संपादक के पद पर कार्यरत है.
Leave a Comment
Leave a Comment


