सांचौर-रानीवाड़ा पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, 11 वारदातों का खुलासा; चोरी में प्रयुक्त अर्टिगा कार जब्त
सांचौर.जिले में ट्रांसफार्मरों और बिजली सामग्री की चोरी करने वाले एक अंतरराज्यीय संगठित गिरोह का जालोर पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। सांचौर और रानीवाड़ा पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में गिरोह के मास्टरमाइंड सहित 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने चोरी की वारदात में प्रयुक्त अर्टिगा कार भी जब्त की है।

पुलिस अधीक्षक जालोर के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। पुलिस के अनुसार 5 जून की रात सांकड़ स्थित जीएसएस (डिस्कॉम स्टोर) की दीवार तोड़कर चोरों ने नौ सरकारी ट्रांसफार्मरों को क्षतिग्रस्त कर उनमें से तांबा, कॉयल, नट-बोल्ट तथा अन्य कीमती सामग्री चोरी कर ली थी। वारदात की सूचना मिलने पर पुलिस ने तत्काल नाकाबंदी कर संदिग्ध वाहन का पीछा किया।

रानीवाड़ा और सांचौर पुलिस टीमों ने करीब 15 किलोमीटर तक पीछा कर अलग-अलग स्थानों से आरोपियों को दबोच लिया। जांच में सामने आया कि गिरोह का संचालन चित्तौड़गढ़ निवासी मोहम्मद नदीम हुसैन कर रहा था, जो कबाड़ गोदाम की आड़ में चोरी के नेटवर्क को संचालित करता था। पुलिस ने उसे भी गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में आरोपियों ने जालोर, सिरोही, बाड़मेर, पाली और उदयपुर जिलों में ट्रांसफार्मर व बिजली सामग्री चोरी की कुल 11 वारदातें करना स्वीकार किया है। गिरोह सरकारी बिजली घरों और जीएसएस की पहले रेकी करता था, फिर सुनसान स्थानों पर चोरी की वारदातों को अंजाम देता था।

पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त अर्टिगा कार जब्त कर ली है। चोरी गए तांबे और अन्य सामान की बरामदगी के लिए प्रयास जारी हैं। साथ ही गिरोह से जुड़े अन्य सहयोगियों और चोरी का माल खरीदने वाले कबाड़ियों के नेटवर्क की भी जांच की जा रही है।


