आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान हो प्राथमिकता: जिला कलक्टर डॉ. गावंडे
राज्य सरकार की ‘‘अटल जन सेवा शिविर’’ योजना के तहत आमजन की परिवेदनाओं के त्वरित, गुणवत्तापूर्ण और सकारात्मक निस्तारण के उद्देश्य से आज जिला कलक्टर डॉ. प्रदीप के. गावंडे की अध्यक्षता में डीओआईटी सभागार में जनसुनवाई राजस्थान संपर्क पोर्टल तथा सतर्कता समिति की समीक्षा बैठक आयोजित हुई।
बैठक में जिला कलक्टर ने आम नागरिकों से प्राप्त परिवेदनाओं को सुनते हुए विभागीय अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि समस्याओं के समाधान में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अतिक्रमण हटाने, पट्टे जारी करने, विद्युत वोल्टेज की समस्या, राजस्व, नगर परिषद, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग से जुड़े प्रकरणों पर प्राथमिकता से कार्यवाही के निर्देश दिए गए।

नर्मदा पाइपलाइन से अवैध कनेक्शन हटाने के निर्देश : जनसुनवाई के दौरान नर्मदा ई.आर. प्रोजेक्ट से जुड़े ग्रामों में अवैध जल कनेक्शन के मामलों पर डॉ. गावंडे ने जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग को तुरंत कार्रवाई करने के आदेश दिए।
छात्रवृत्ति प्रकरण में तुरंत जांच के आदेश : एक छात्रवृत्ति से संबंधित प्रकरण पर त्वरित संज्ञान लेते हुए जिला कलक्टर ने जिला रसद अधिकारी को जांच कर पात्रता अनुसार छात्र को लाभ दिलाने के निर्देश दिए।

कुल 31 परिवेदनाओं में से 4 का हुआ मौके पर समाधान : जनसुनवाई में कुल 31 परिवेदनाएँ प्राप्त हुईं, जिनमें से 4 का मौके पर ही समाधान कर दिया गया तथा शेष प्रकरणों को संबंधित विभागों को भेजते हुए शीघ्र समाधान के निर्देश दिए गए। वहीं सतर्कता समिति की बैठक में 3 प्रकरणों की समीक्षा हुई, जिनमें से 1 का समाधान मौके पर किया गया।
बैठक में अतिरिक्त जिला कलक्टर राजेश मेवाड़ा, एसीईओ चिदंबरा परमार, अधीक्षण अभियंता रमेश सिंघारिया, सीएमएचओ डॉ. भैराराम जाणी, जिला रसद अधिकारी आलोक झरवाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। उपखंड और ब्लॉक स्तरीय अधिकारी वर्चुअल माध्यम से बैठक से जुड़े।


