A matter of pride for the country and state: अपने आप मे एक अलग पहचान रखने वाले सांचोर के नाम पर एक ओर उपलब्धि हासिल हुई हैं और वह सांचोर के पालड़ी गांव से निकले शैलेन्द्र सिंह। जिन्होंने बहुत ही कम समय में अपनी एक अलग पहचान बनाई और अब वे डोनाल्ड ट्रंप के शपथ ग्रहण समारोह में अतिथि के तौर पर हिस्सा लेंगे। जैसे ही यह खबर सांचोर क्षेत्र के लोगों के बीच पहुंची तो यहां के लोगों ने बधाइयां भेजी। लोगों ने बताया कि यह सांचोर के नाम ही उपलब्धि नहीं है बल्कि पूरे भारत के लिए एक उपलब्धि है।

हिंदू संघ उतरी अमेरिका का करेंगे प्रतिनिधित्व
संयुक्त राज्य अमेरिका के राष्ट्रपति का शपथ ग्रहण समारोह 20 जनवरी को होने जा रहा है, जिसमें डोनाल्ड ट्रंप अमेरिका के राष्ट्रपति के रूप में शपथ लेंगे। इस अवसर पर सांचोर के पालड़ी गांव के निवासी शैलेन्द्र सिंह अंतराष्ट्रीय अतिथि के रूप में इस समारोह में भाग लेंगे। वे हिन्दू संघ उतरी अमेरिका का प्रतिनिधित्व करेंगे। शैलेंद्र सिंह उतरी अमेरिका में हिन्दू स्वयंसेवक संघ के पदाधिकारी के रूप में सक्रिय रूप से कार्य कर रहे हैं, जहां वे हिन्दू अधिकारो की रक्षा के लिए आवाज उठाने का काम कर रहे हैं।

शैलेन्द्र सिंह की व्यवसायिक सफलता और नेतृत्व
शैलेन्द्र सिंह की प्रमुख कंपनी “डायनेमिक फोर्ज-नॉर्थ अमेरिका” इस क्षेत्र में मेटल उद्योग में एक प्रतिष्ठित नाम बना चुकी है। शैलेंद्र सिंह का व्यवसायिक दृष्टिकोण और नवाचार हर कदम पर स्पष्ट दिखाई देता है, जो उन्हें एक सफल उद्यमी बनाता है। उनका उद्देश्य न केवल मुनाफा कमाना है, बल्कि उद्योग में नवाचार और गुणवत्ता को बढ़ावा देना भी है।

शिक्षा और अध्ययन
शैलेंद्र सिंह की शिक्षा भी उनकी सफलता की कुंजी रही है। उन्होंने पुणे के एक प्रमुख कॉलेज से एमबीए (Master of Business Administration) किया है, जिसमें उन्होंने व्यापारिक और प्रबंधन के क्षेत्र में गहरी विशेषज्ञता प्राप्त की। इसके बाद, उन्होंने कनाडा से पीएचडी (Ph.D.) की डिग्री प्राप्त की, जो उनके अकादमिक दृष्टिकोण और अनुसंधान में गहरी रुचि को दर्शाता है। यह उनकी सफलता के पथ पर एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर साबित हुआ है, जो उन्हें एक प्रभावशाली और दूरदृष्टि नेतृत्वकर्ता बना रहा है।

समाज और संस्कृति के प्रति प्रतिबद्धता
शैलेंद्र सिंह का जन्म राजस्थान के सांचोर के पालड़ी सोलंकिनयान गांव में हुआ था, जहाँ से उन्होंने जीवन की शुरुआत की और कठिन संघर्ष के बल पर वैश्विक स्तर पर सफलता हासिल की। उनकी मेहनत और समर्पण केवल व्यवसाय तक सीमित नहीं है, बल्कि समुदाय के लिए एक नई उम्मीद और पहचान का कार्य भी कर रहे हैं।

इसके अलावा, 2017 में उन्होंने “क्रोज़ेट इंडिया” की स्थापना की, जो अलीबाबा जैसी वैश्विक कंपनियों से मुकाबला करने के लिए बनाई गई एक भारतीय ई-कॉमर्स पहल है। यह कदम शैलेंद्र सिंह के व्यापारिक दृष्टिकोण की दिशा और भारतीय बाजार में वैश्विक प्रतिस्पर्धा को मजबूत करने की उनकी प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
“अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के शपथ ग्रहण समारोह में आमंत्रण मिलने पर मुझे खुशी है साथ ही हिन्दू संघ उतरी अमेरिका के कई लोगों को इस समारोह में भागीदारी सुनिश्चित हुई है। यह एक देश के दूसरे देश के प्रति प्रेम है।”
__शैलेंद्र सिंह पालड़ी सांचौर